असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 12 अक्टूबर। जेएनयू में छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न को लेकर भाजपा ने आज दमण में विरोध मार्च निकाला। संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया के नेतृत्व में दमण स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय से नानी दमण बस स्टैंड तक एक विरोध मार्च निकालकर भाजपाईयों ने जेएनयू प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद के खिलाफ सत्ख कार्रवाई करने की मांग की। इस विरोध मार्च में प्रदेश भाजपा महामंत्री सुनील पाटिल, दमण-दीव के पूर्व सांसद लालू पटेल, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष फाल्गुनी पटेल, धर्मेश सिंह चौहान, दमण जिला भाजपा अध्यक्ष भरत पटेल, दमण नगरपालिका अध्यक्षा दीपिका टंडेल, दमण जिला पंचायत उपाध्यक्षा रीना पटेल, प्रदेश भाजपा सचिव उर्वशी पटेल, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्षा सिंपल कटेला, दमण शहर भाजपा अध्यक्ष पीयूष पटेल, भाजपा नेत्री तरूणा पटेल, महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में सदस्यों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारियों, सरपंचों, काउंसिलरों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहें। विरोध रैली के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जेएनयू में छात्राओं के साथ हुए यौन उत्पीडन का विरोध करते हुए मणिपुर के कांग्रेस सांसद और जेएनयू के प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जेएनयू में कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले पर अपना विरोध दर्ज कराया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया और मांग की कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा की महिला नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की भूमिका पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मांग की गई कि वे महिलाओं के अधिकारों और सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें। इस बात पर जोर दिया गया कि महिलाओं से जुड़ी गंभीर शिकायतों के मामले में राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। भाजपा की महिला नेताओं ने कहा कि हर हाल में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए। ऐसे गंभीर मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून के अनुसार दोषित होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। दमण में आयोजित विरोध मार्च द्वारा भाजपा पदाधिकारियों एवं महिला मोर्चा ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा उपाध्यक्षा फाल्गुनी पटेल ने कहा कि मणिपुर के कांग्रेस सांसद और जेएनयू के प्रोफेसर द्वारा छात्रों के साथ कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर आज प्रदेश भाजपा द्वारा विरोध रैली निकाली गई है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को प्रोफेसर पद से हटा दिया गया है लेकिन हम उन्हें सांसद पद से भी हटाने की मांग करते हैं। फाल्गुनी पटेल ने कहा कि, कांग्रेस ने एक नारा दिया था कि – मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं, जो पूरी तरह से गलत साबित हो रहा है। महिलाओं के सुरक्षा, सम्मान और न्याय के साथ समझौता नहीं किया जा सकता है। हम भारत की पूरी महिलाओं की ओर से मणिपुर के कांग्रेस सांसद और जेएनयू के प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हैं।

