असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 05 अक्टूबर। रिंगनवाड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच चैताली कामली द्वारा रिंगनवाड़ा स्कूल के विद्यार्थियों के लिए तिथि भोजन का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर सरपंच चैताली कामली ने स्कूल में छात्रों को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन परोसा। छात्रों ने बड़े उत्साह और खुशी के साथ भोजन का आनंद लिया। इस आयोजन ने साथ मिलकर खाने और खुशियाँ बाँटने के जरिए आपसी मेल-जोल और एकता की भावना को बढ़ावा दिया। छात्रों को तिथि भोजन का महत्व समझाते हुए स्कूल के हेडमास्टर वीरेंद्रभाई ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सहयोग, सेवा की भावना और आपसी स्नेह को बढ़ावा देते हैं। साथ ही बच्चों में सामाजिक और मानवीय मूल्यों का विकास होता है। इस तिथि भोजन में दाल, चावल, सब्जी, लापसी, सलाद और पापड़ जैसे व्यंजन परोसे गये, जिसका कुल 905 छात्रों ने भोजन का आनंद लिया। इस मौके पर तिथि भोजन का आयोजन करने वाली रिंगनवाडा पंचायत सरपंच चैताली कामली, महेंद्र कामली एवं उनके अन्य सगे-संबंधी उपस्थित रहे। इसके साथ ही पंचायत के सदस्य भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और छात्रों के साथ भोजन किया। स्कूल के प्रिंसिपल, टीचिंग स्टाफ और छात्रों ने तिथि भोजन का आयोजन करने के लिए दानदाताओं और उनके सहयोगियों का दिल से आभार व्यक्त किया।

