असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 22 सितंबर। स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत दमण जिला पंचायत के शिक्षा विभाग द्वारा दमण जिले के सभी सरकारी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 22 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से इन गतिविधियों के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिसमें सरपंचों, जिला पंचायत सदस्यों और ग्राम पंचायत सदस्यों को भी उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया गया था। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय की सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी क्रम में दमणवाड़ा जिला पंचायत के सदस्य एवं जिला पंचायत शिक्षा समिति के चेयरमैन मुकेश गोसावी ने आज दमणवाड़ा और परियारी स्थित सरकारी विद्यालयों का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला की सराहना की। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दमणवाडा स्कूल में विद्यार्थियों को नमो फ्रेंडशिप बेल्ट पहनाकर आपसी भाईचारे, मित्रता और सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर मुकेश गोसावी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता से ही भारत को विकसित और स्वस्थ बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब हम स्वच्छ रहेंगे तो निरोगी रहेंगे और एक स्वस्थ एवं तंदुरुस्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी स्वच्छता और सावधानी ने संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही स्कूल प्रशासन और शिक्षकों से भी विद्यार्थियों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया। इस दौरान दमणवाडा पंचायत की सरपंच कल्पना हलपति उपस्थित रहीं।
previous post

