असली आज़ादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 18 अगस्त। भारतीय तटरक्षक वायु स्टेशन दमण को 18 अगस्त को एक मछली पकड़ने वाली भारतीय नौका के संकट में होने की सूचना प्राप्त हुई। नौका में सवार 9 मछुआरों के साथ उसके डूबने की आशंका जताई गई थी, जिससे सभी मछुआरों के जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। संकट की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक वायु स्टेशन दमण ने तुरंत एक चेतक हेलीकॉप्टर को घटनास्थल के लिए रवाना किया। हेलीकॉप्टर ने शीघ्रता से निर्धारित स्थान पर पहुँचकर बचाव अभियान शुरू किया और सभी 9 मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाव अभियान के दौरान यह पाया गया कि 3 मछुआरों को मामूली चोटें आई थीं। उन्हें भारतीय तटरक्षक वायु स्टेशन दमण लाया गया, जहाँ उन्हें प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। भारतीय तटरक्षक की त्वरित और समन्वित कार्रवाई ने एक संभावित दुर्घटना को टाल दिया तथा समुद्र में जीवन की रक्षा और मछुआरों एवं नाविकों की सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को एक बार फिर प्रमाणित किया।

