– सिलवासा स्थित जिला सचिवालय पर जिला कलेक्टर ने किया ध्वजारोहणःप्रदेश में हुए अद्भुत विकास कार्यों का प्रस्तुत किया ब्यौरा – जुलाई 2026 में आई भीषण बाढ़ के दौरान प्रशासन, भारतीय सेना, भारतीय तटरक्षक बल तथा अग्निशमन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया तथा राहत शिविरों के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गईः जिला समाहर्ता
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा, 2 अगस्त। दादरा नगर हवेली प्रशासन द्वारा जिला सचिवालय सिलवासा के परिसर में 02 अगस्त 2026 को दादरा नगर हवेली का 73वां मुक्ति दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला समाहर्ता प्रियांक किशोर ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इस दौरान पुलिस विभाग के कांस्टेबल और भारतीय रिजर्व बटालियन के जवानों, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं एवं होमगार्ड प्लाटून तथा पुलिस बैंड और एनसीसी के बच्चों द्वारा राष्ट्रगान के साथ सलामी दी गई। दादरा नगर हवेली के 73वें मुक्ति दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए जिला समाहर्ता प्रियांक किशोर ने स्वतंत्रता सेनानियों के अमूल्य बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा प्रदेश के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व और कुशल मार्गदर्शन में दादरा नगर हवेली में वर्ष 2025–26 के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, औद्योगिक प्रोत्साहन, आधारभूत संरचना, पर्यटन, खेल, महिला एवं बाल विकास तथा आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की गई हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2026 में मानसून महोत्सव के आयोजन की तैयारियाँ की जा रही हैं। जिससे पर्यटन गतिविधियों एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है। शिक्षा के क्षेत्र में सभी शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल किट उपलब्ध कराई जा रही है। नए विद्यालयों एवं छात्रावासों के निर्माण, छात्रवृत्ति एवं साइकिल वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (PARAKH) 2024 में संघ प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया तथा वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण तथा महिला आजीविका कार्यक्रमों को गति दी गई है। औद्योगिक विकास के क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से बड़े निवेश आकर्षित हुए तथा हजारों रोजगार के अवसर सृजित हुए। Ease of doing Business और Single Window प्रणाली को भी और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। उन्होंने प्रदेश में क्रियान्वित विकासशील गतिविधियों का उल्लेख करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क, पुल एवं शहरी-ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है तथा नमो अस्पताल, सिलवासा को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। महिला सशक्तिकरण, डेयरी विकास, खेल अवसंरचना, आंगनवाड़ी सुविधाओं के विस्तार तथा रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। सायली स्थित नमो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। जिला समाहर्ता ने अपने संबोधन में बताया कि जुलाई 2026 में आई भीषण बाढ़ के दौरान प्रशासन, भारतीय सेना, भारतीय तटरक्षक बल तथा अग्निशमन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया तथा राहत शिविरों के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। अंत में उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से जनकल्याण, सुशासन, आधारभूत संरचना के विकास तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रशासन आगामी वर्षों में भी समावेशी, सतत एवं जनकेंद्रित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने पुन: सभी प्रदेशवासियों को मुक्ति दिवस के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी और इसके पश्चात वंदे मातरम गीत तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में दादरा नगर हवेली की सांसद, पूर्व सांसद, जिला पंचायत और सिलवासा नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा पार्षद एवं सरपंचगण और जिला पुलिस अधीक्षक, निवासी उप समाहर्ता (खानवेल), निवासी उप समाहर्ता (सिलवासा), मुख्य अधिकारी (सिलवासा नगरपालिका) तथा प्रशासन के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, मीडिया के संपादकगण एवं संवाददातागण और विशेष रूप से दादरा नगर हवेली के अग्रणी नागरिकों ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

