असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 19 मई। सिलवासा शहर की प्रतिष्ठित नमो मेडिकल अस्पताल के कांट्रेक्ट आधारित कर्मचारियों ने आज दादरा नगर हवेली की सांसद कला डेलकर से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से उन्हें अवगत कराया। ज्ञात हो कि गत रोज नमो मेडिकल अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं कांट्रेक्ट कर्मचारियों द्वारा वेतन भुगतान में हो रही देरी, अस्थायी कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि तथा कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति प्रदान किए जाने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष हड़ताल की गई थी। इसी क्रम में आज कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद कला डेलकर से भेंट कर अपनी समस्याओं को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सांसद महोदया ने आश्वासन दिया कि इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित एवं सकारात्मक समाधान हेतु आवश्यक पहल की जाएगी।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सांसद कलाबेन डेलकर ने कहा कि आप सभी की समस्याएं महत्वपूर्ण हैं और मैं व्यक्तिगत रूप से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र समाधान का प्रयास करूंगी। अस्पताल जैसी संस्थाएं जनसेवा का अत्यंत संवेदनशील एवं आवश्यक माध्यम होती हैं, जहाँ प्रतिदिन हमारे प्रदेश के हजारों नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं हेतु निर्भर रहते हैं। ऐसी स्थिति में यदि सेवाएँ बाधित होती हैं तो उसका प्रत्यक्ष प्रभाव आम जनमानस, विशेष रूप से गंभीर रूप से बीमार एवं जरूरतमंद मरीजों पर पड़ता है। हमें यह सदैव स्मरण रखना चाहिए कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति हमारे अपने प्रदेश एवं समाज का ही हिस्सा है। हम कर्मचारियों की भावनाओं और समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझते हैं। मैं आप सभी को विश्वास दिलाती हूं कि आपकी मांगों पर सकारात्मक एवं मानवीय दृष्टिकोण से विचार-विमर्श कर एक संतुलित एवं सुखद समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही मेरा आप सभी से विनम्र आग्रह है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए आप पुन: अपने कार्य पर लौटें एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से जारी रखने में सहयोग प्रदान करें। सांसद महोदया के इस आश्वासन के पश्चात कर्मचारियों में सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

