asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

गुजरात 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी: दानह एवं दमण-दीव का लगातार तीसरे साल शानदार प्रदर्शन, 91.13% रहा परीक्षा का परिणाम

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 06 मई। गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम आज घोषित किए गए, जिसके अनुसार संघप्रदेश दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव का कुल परीक्षा परिणाम पिछले साल के मुकाबले 3% से अधिक रहा। वर्ष 2024 का परीक्षा परिणाम जहां दानह का 83.69, दमण का 93.74 तथा दीव का 99.63 प्रतिशत था, वहीं वर्ष 2025 में हुई परीक्षा के परिणाम दानह का 86.45, दमण का 95.12 और दीव का 98.07 प्रतिशत रहा। दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव का परीक्षा परिणाम देखा जाए तो इस बार 91.13 प्रतिशत रहा। बोर्ड के परीक्षा परिणामों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के साथ कितना सक्रिय बना हुआ है। दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉपरों की बात करें तो 3 लड़कियों ने 95.50% अंकों के साथ प्रथम रैंक प्राप्त की है, जिनमें दादरा नगर हवेली से काजल आदित्यनारायण सिंह, श्रुति कौशल कदम और दमण के दिव्य ज्योति स्कूल की जानवी निथाली राम ने 573 अंक (95.50%) के साथ संघ प्रदेश में टॉप किया है। वहीं दमण के फातिमा स्कूल की सिया विनोद भाई ने 572 अंक (95.33%) के साथ दूसरा तथा सिलवासा के फादर एंग्लो स्कूल की आरुषि सुशील तिवारी ने 571 अंक (95.17%) के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस बार आए परिणाम में दादरा नगर हवेली तथा दमण के विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय क्रमांक पर कब्जा जमाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 26 फरवरी से 16 मार्च के बीच ली गई कक्षा 10वीं की परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए गए हैं, जिनमें गुजरात का रिजल्ट 83.86 प्रतिशत रहा। वहीं संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव का कुल परीक्षा परिणाम 91.13 प्रतिशत आया। जारी परिणामों के अनुसार दादरा नगर हवेली में कुल 4543 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 3802 विद्यार्थी पास तथा 741 फेल हुए। दमण जिले से कुल 1646 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 1543 विद्यार्थी सफल तथा 103 असफल हुए। वहीं दीव जिले में कुल 546 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 544 सफल तथा 2 असफल रहे। दमण जिले में इस परीक्षा में 1293 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिसमें से 1231 विद्यार्थी पास हुए हैं, जबकि 63 विद्यार्थी फेल रहे। संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए प्रतिबद्ध प्रयासों का उत्कृष्ट परिणाम उल्लेखनीय है कि 10 वर्ष पूर्व, जब संघप्रदेश दादरा नगर हवेली तथा दमण दीव प्रशासन में प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने कार्यभार ग्रहण किया था, तब बोर्ड परीक्षाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 50-60 प्रतिशत के आसपास हुआ करता था, किंतु उनके सक्षम नेतृत्व में लाई गई शैक्षणिक क्रांति के परिणाम स्वरूप यह प्रतिशत आज 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

Related posts

प्रशासक प्रफुल पटेल ने दीव में अनेक विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

Asli Azadi

प्रशासक प्रफुल पटेल के दमण दौरे का दूसरा दिन: सार्वजनिक सुविधाओं, पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुडे प्रोजेक्टों की समीक्षा की

Asli Azadi

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की सदस्या सैयद शहजादी ने दमण में जामिया नुरूल इस्लाम मदरसा का किया दौरा

Asli Azadi

Leave a Comment