– संघ प्रदेश थ्रीडी के सीईओ अरुण टी. ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी -संघ प्रदेश में कोई भी वंचित फॉर्म-6 जमा कर अभी
भी वैध दस्तावेजों के साथ अपना नाम मतदाता सूची में जोड सकता है क्योंकि यह प्रक्रिया लगातार चलती है: अरुण टी.
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 01 अक्टूबर। पूरे देश में एसआईआर को लेकर चल रही चर्चाओ के बीच संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण टी. ने प्रेस कांफ्रेंस कर संघ प्रदेश के 10,000 जेन-जी (Gen Z ) युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने का ऐलान किया है। आज कचीगाम स्थित सचिवालय में संघ प्रदेश के चुनाव विभाग की प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई थी। जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण टी. ने बताया कि हम इस संघ प्रदेश के 10,000 जेन-जी (Gen Z ) युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने जा रहे हैं। जिसके तहत सभी उच्च शिक्षा संस्थाओं में विशेष कैंप आयोजित कर 18 साल पूरा करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करेंगे। इसके लिए हम युवाओं को ही ब्रांड एंबेसडर बनाएंगे। संघ प्रदेश की मतदाता सूची में बडे पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने के सवाल पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस संघ प्रदेश में 50 प्रतिशत आबादी प्रवासी नागरिकों की है। जिसके कारण एसआईआर के समय उन नागरिकों की अनुपस्थिति के कारण उनके नाम मतदाता सूची से कटे हैं। अगर किसी भी नागरिक का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से कट गया है तो वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर फॉर्म 6 जमा करके अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकता है। मतदाता सूची यह एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने पूरी पारदर्शिता के साथ एसआईआर प्रक्रिया पूरी की है। एसआईआर प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की नि्क्रिरयता होने की बात भी उन्होंने बताई। आज की इस प्रेस कांफ्रेंस में अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी आशीष मोहन, ईआरओ आरती अग्रवाल एवं ईआरओ अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

