असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 29 सितंबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव शिक्षा विभाग अंतर्गत समग्र शिक्षा दीव द्वारा जिला स्तरीय रंगोत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय रंगोत्सव का आज दीव के मलाला स्थित ऑडिटोरियम में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रीय गीत से की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि दीव नगरपालिका प्रमुख हरेश कापडिया, डिप्टी कलेक्टर शिवम मिश्रा, मामलतदार धर्मेश दमणिया, नगरपालिका उपप्रमुख करुणा सोलंकी, चुने हुए जनप्रतिनिधियों एवं अन्य महानुभावों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं निर्णायक गणों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्राइमरी एवं अपर प्राइमरी स्कूलों के विद्यार्थियों ने सोलो डांस, ग्रुप डांस, एक्शन डांस सहित की प्रस्तुति दी। इन कार्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस रंगोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी कला एवं सर्जनात्मकता तथा सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्राप्त हुआ। वहीं शिक्षकों एवं अभिभावकों के लिए भी विद्यार्थियों की सर्जनात्मक क्षमता को निहारने का अवसर मिला। समग्र शिक्षा दीव द्वारा आयोजित इस जिला स्तरीय रंगोत्सव में दीव जिले के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

