– जिला पंचायत कॉफ्रेंस हॉल में होने वाली बैठक में राजनीतिक दलों और आम जनता को किया गया आमंत्रित
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 3 अगस्त। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन के निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के कार्यों की समीक्षा और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 5 अगस्त 2026 बुधवार को दमण में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया है। जारी नोटिस के अनुसार एडिशनल चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर द्वारा जारी आदेश के तहत आईएएस अधिकारी ओंकार गोपाल मराठे सचिव (AHVS) को निर्वाचन रोल पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनकी उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ सीधे संवाद के लिए यह बैठक बुलाई गई है।
बैठक का आयोजन मोटी दमण स्थित जिला पंचायत के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। सुचारू संवाद के लिए प्रशासन ने समय-सारणी को दो भागों में विभाजित किया है। जिसमें दमण जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ बैठक दोपहर 12:30 बजे शुरू होगी। इसके बाद आम नागरिकों और जनसाधारण के साथ सीधा संवाद दोपहर 01:00 बजे से निर्धारित किया गया है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े अपने विचार और मुद्दे साझा कर सकेंगे। इसके साथ ही आम जनता को भी आमंत्रित किया गया है कि यदि उनके पास मतदाता सूची से जुड़ा कोई सुझाव, प्रतिनिधित्व या शिकायत है, तो वे बैठक में आकर सीधे प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से अनुरोध किया है कि वे इस महत्वपूर्ण बैठक में समय पर उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग दें।

