असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 22 जुलाई। दमण जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दमण जिले में पिछले 36 घंटे में 13 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। जिसके चलते जिले के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ है, वहीं कई स्थानों पर घरों और दुकानों में भी पानी घुसने की खबरें सामने आई हैं। भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विभिन्न विभागों की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में भी लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग द्वारा आगामी घंटों में और बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह देते हुए नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

