– सांसद उमेश पटेल ने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से रूबरू मुलाकातकर सागरमाला परियोजना अंतर्गत दीव पोर्ट एवं वणाकबारा क्रीक कैपिटल ड्रेजिंग परियोजना के लिए लंबित वित्तीय स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का किया आग्रह
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली 22 जुलाई। दमण-दीव के सांसद उमेश पटेल ने आज अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण जनहित एवं विकास के विषयों को भारत सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया। एक ओर उन्होंने लोकसभा में वापी रेलवे स्टेशन पर 10 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के वाणिज्यिक ठहराव का मुद्दा उठाया। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से रूबरू मुलाकातकर सागरमाला परियोजना के अंतर्गत दीव पोर्ट एवं वनाकबारा क्रीक कैपिटल ड्रेजिंग परियोजना के लिए लंबित वित्तीय स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आग्रह किया। सांसद उमेश पटेल ने लोकसभा में अतारांकित प्रश्न संख्या 533 के माध्यम से रेलवे मंत्रालय से पूछा कि पश्चिम रेलवे द्वारा रेलवे बोर्ड को भेजे गए 10 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति क्या है? स्वीकृति में देरी के कारण क्या हैं तथा इसे मंजूरी देने की समय सीमा क्या है? उन्होंने सदन में कहा कि वापी रेलवे स्टेशन केवल गुजरात का स्टेशन नहीं, बल्कि दमण, सिलवासा तथा पूरे औद्योगिक क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहाँ प्रतिदिन लाखों यात्री, उद्योगों में कार्यरत कर्मचारी, व्यापारी, विद्यार्थी एवं पर्यटक निर्भर रहते हैं। इसलिए इन ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र की वर्षों पुरानी एवं न्यायसंगत मांग है। रेल मंत्रालय ने अपने उत्तर में बताया कि पश्चिम रेलवे से प्राप्त प्रस्तावों पर रेलवे बोर्ड स्तर पर विचार चल रहा है तथा वर्तमान में वापी स्टेशन पर 4 वंदे भारत सहित 210 रेल सेवाओं का ठहराव है। इसी क्रम में सांसद उमेश पटेल ने आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से व्यक्तिगत मुलाकातकर सागरमाला परियोजना के अंतर्गत दीव पोर्ट एवं वणाकबारा क्रीक कैपिटल ड्रेजिंग परियोजना के लिए लंबित वित्तीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने वित्त मंत्री को बताया कि सभी आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएँ लगभग पूर्ण हो चुकी हैं, किन्तु केवल वित्तीय स्वीकृति के अभाव में यह अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना रुकी हुई है। सांसद ने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से दीव के हजारों मछुआरा परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। लो-टाइड के दौरान नौकाओं की आवाजाही की समस्या समाप्त होगी। स्मार्ट फिशिंग हार्बर परियोजना का पूरा लाभ प्राप्त होगा। मत्स्य उद्योग, पर्यटन, समुद्री व्यापार तथा ब्लू इकोनॉमी को नई गति मिलेगी। क्षेत्रीय आर्थिक विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सांसद को आश्वस्त किया कि इस विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी। सांसद उमेशभाई पटेल ने कहा कि आज मैंने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण विषय भारत सरकार के समक्ष मजबूती से रखे हैं। पहला, वापी रेलवे स्टेशन पर 10 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का विषय, जिससे लाखों यात्रियों, उद्योगों और व्यापार जगत को लाभ मिलेगा।
दूसरा, दीव की सागरमाला परियोजना के अंतर्गत कैपिटल ड्रेजिंग के लिए वित्तीय स्वीकृति, जिससे हजारों मछुआरा परिवारों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा तथा दीव के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनहित, विकास और क्षेत्र के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा तथा संसद के भीतर और बाहर प्रत्येक आवश्यक मंच पर वे दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के हितों की मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।

