– नानी दमण नाइट मार्केट सहित कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद, श्रद्धालुओं के लिए विशेष डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 13 नवंबर। छठ पूजा महोत्सव के दौरान दमण जिले में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए दमण पुलिस विभाग ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। छठ पूजा 15 एवं 16 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। इस दौरान विशेष रूप से नानी दमण के परकोटा शेरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। साथ ही दिवाली की छुट्टियों और सप्ताहांत के कारण पर्यटकों की भीड़ भी बढ़ने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नानी दमण नाइट मार्केट क्षेत्र पूरी तरह वाहनों के लिए बंद रहेगा तथा यहां केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी। पाकीजा के निकट से नाइट मार्केट में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पीडब्ल्यूडी जेट्टी से नाइट मार्केट की ओर जाने वाला मार्ग, नाइट मार्केट को जोड़ने वाली सभी गलियां तथा नानी दमण जेट्टी गार्डन से समुद्र नारायण मंदिर की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा टीन बत्ती से पुलिस स्टेशन चार रास्ता तक चारपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जुपिटर से समुद्र नारायण मंदिर तक नमो पथ से जुड़ने वाली सभी शेरी के रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बस स्टैंड, नानी दमण और मशाल चौक से परकोटा शेरी जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करना होगा। वाहन चालकों को बस स्टैंड से पाकीजा होते हुए धोबी तालाब टीन रास्ता, तीन बत्ती, जुपिटर कट और श्मशान भूमि कट से नमो पथ होते हुए मच्छी महाजन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक पहुंचना होगा। यहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को पैदल परकोटा शेरी जाना होगा। निर्धारित पार्किंग के आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
दो स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था: पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए माछी महाजन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नमो पथ तथा जुपिटर कट से देवका की ओर नमो पथ के किनारे उपलब्ध पार्किंग स्थलों को निर्धारित किया है। सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने वाले स्थानों या प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। दमण पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है। यह ट्रैफिक एडवाइजरी 15 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से प्रभावी होगी और त्योहार की अवधि के दौरान लागू रहेगी। पुलिस ने सभी से पैदल आवागमन को प्राथमिकता देने और शांतिपूर्ण छठ पूजा आयोजन में सहयोग करने का अनुरोध किया है।

