असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 22 जुलाई। दमण के वरकुंड जंक्शन के पास आज रात 9 बजे के आसपास थार कार चालक ने बाइक चालक को जोरदार टक्कर मारी। जिसमें बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक रिंगणवाड़ा की ओर से तेजी से थार कार नम्बर जीजे 15 सीआर 2375 दमण की तरफ जा रही थी, उसी वक्त वरकुंड जंक्शन से दमण की ओर से आ रहे बाइक चालक ने डेल्टिन की तर.फ टर्न लिया। जिसके चलते तेज थार की चपेट में बाइक चालक आ गया। बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया जा है कि बाइक चालक डेल्टिन होटल का कर्मचारी है और उसका नाम रवि है। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार का टायर पंचर हो गया और आगे के भाग में काफी नुकसान हुआ है। बाइक भी क्षति ग्रस्त हो गई है। गौरतलब हैं कि लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित किया था। थोड़े विलंब के बाद 108 एंबुलेंस पहुंची भी थी लेकिन 5 मिनट तक एंबुलेंस का दरवाजा ही नहीं खुला था। हालांकि डेल्टिन होटल के स्टाफ घटनास्थल पर आया तो उन्होंने देखा कि घायल उनका कर्मचारी है तो उन्होंने 108 एंबुलेंस के दरवाजा खुलने का इंतजार न करते हुए तुरंत अपनी होटल की कार मंगवाकर घायल चालक को अस्पताल रवाना किया। वरकुंड का यह क्षेत्र एक्सीडेंट संभावित क्षेत्र है। यहां भी रिंगणवाड़ा जंक्शन की तर्ज पर बैरिकेट लगाने की जरूरत है। साथ-साथ स्पीड कैमरे भी इस रोड पर लगाने की मांग उठ रही है।

