asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को नुकसान, काउंसिलर सुमनभाई पटेल ने कलेक्टर से की त्वरित कार्रवाई की मांग

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 22 जुलाई। दादरा नगर हवेली तथा सिलवासा नगरपालिका क्षेत्र में आवारा एवं खुले घूमने वाले पशुओं से किसानों की फसलों को हो रहे भारी नुकसान को लेकर सिलवासा नगरपालिका के काउंसिलर सुमनभाई पटेल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। 21 जुलाई को दिए गए ज्ञापन में काउंसिलर सुमन पटेल ने बताया कि क्षेत्र में अच्छी वर्षा होने के कारण किसान धान की रोपाई एवं अन्य फसलों की बुवाई में जुटे हुए हैं। ऐसे समय बड़ी संख्या में आवारा पशु खेतों में प्रवेश कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के अनुसार दादरा एवं नगर हवेली तथा सिलवासा नगर पालिका क्षेत्र के कई स्थानों पर 20 से 25 या उससे अधिक संख्या में पशु खुलेआम घूम रहे हैं। ये पशु खेतों में घुसकर धान सहित अन्य फसलों को नष्ट कर रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। काउंसिलर सुमनभाई पटेल ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि डोकमरडी स्थित गौशाला में भी पशुओं की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि पशु हमारे लिए पूजनीय हैं, लेकिन किसानों की आजीविका और उनकी मेहनत की रक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है। इस संबंध में किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही हैं। ज्ञापन में जिला प्रशासन से आवारा एवं खुले घूमने वाले पशुओं को नियंत्रित करने, पशु मालिकों को जागरूक करने तथा पशुओं को खुले में छोड़ने के बजाय उचित देखरेख में रखने के निर्देश देने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी एवं स्थायी समाधान निकालने का अनुरोध किया गया है, ताकि किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि सिलवासा नगरपालिका के मुख्य अधिकारी तथा दादरा नगर हवेली जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी भेजी गई है। अब किसानों और स्थानीय नागरिकों की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related posts

सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोटी दमण में गुरु पूर्णिमा एवं डायरिया दिवस मनाया गया

Asli Azadi

एसआईए के सेफ्टी कॉन्क्लेव 2026 का आरडीसी अमित कुमार ने किया उद्घाटन

Asli Azadi

अहमदाबाद में आईएमए 100 नेटकॉन 2025 का हुआ आयोजन

Asli Azadi

Leave a Comment