asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

दानह में भारी बारिश को लेकर जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 22 जुलाई। दादरा नगर हवेली जिला प्रशासन ने क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा और भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को देखते हुए आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव, नालों के उफान तथा सड़कों पर खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें तथा जलमग्न सड़कों, पुलों, पुलियाओं और कॉजवे को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कम गहराई वाला बहता पानी भी जानलेवा साबित हो सकता है। एडवाइजरी में नदी, नालों और अन्य जलाशयों से दूर रहने, बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों और नालों के आसपास खेलने से रोकने तथा वाहन चालकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। यदि सड़क आगे दिखाई नहीं दे रही हो तो वाहन आगे न बढ़ाने की भी अपील की गई है। मछुआरों को खराब मौसम के दौरान जलाशयों में न जाने की सलाह दी गई है। वहीं तेज आंधी और गरज-चमक के समय पेड़ों और क्षतिग्रस्त भवनों के नीचे शरण लेने से बचने तथा घर और कार्यस्थल के आसपास रखी ढीली वस्तुओं को सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से पीने का पानी, दवाइयां, टॉर्च और पूरी तरह चार्ज मोबाइल फोन जैसी आवश्यक वस्तुएं तैयार रखने को कहा है। साथ ही मौसम संबंधी ताजा जानकारी के लिए जिला प्रशासन और भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन पर नजर रखने की अपील की गई है। लोगों को बिजली गिरने की पूर्व चेतावनी के लिए ‘दामिनी’ तथा आपदा संबंधी सूचनाओं के लिए ‘सचेत’ मोबाइल एप डाउनलोड करने की भी सलाह दी गई है। आपातकालीन स्थिति में नागरिकों से डिजास्टर मैनेजमेंट कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 1077, 0260-2412500 तथा व्हाट्सएप नंबर 87800 01077 पर संपर्क करने का अनुरोध किया गया है। बाढ़, पेड़ गिरने, बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना इन माध्यमों से दी जा सकती है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सतर्क रहें, सुरक्षित रहें के संदेश का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें।

 

Related posts

पूर्व सांसद लालू पटेल ने सपरिवार हिंगराज माता मंदिर में मां अंबे की उतारी आरती: जनकल्याण की कामना की

Asli Azadi

दीव में प्रकाशित ड्रॉफ्ट मतदाता सूची पर दाखिल दावे एवं आपत्तियों को राजनीतिक दलों के साथ किया साझा

Asli Azadi

कोली पटेल समाज हॉल में दमण जिला भाजपा के पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन

Asli Azadi

Leave a Comment