असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 10 मार्च। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा दादरा नगर हवेली के समाहर्ता प्रियांक किशोर की अध्यक्षता में नीति आयोग के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 (जनवरी – अप्रैल) का जिला स्तरीय लॉन्च कार्यक्रम सिलवासा कला केंद्र सभागार आज सुबह 11:30 बजे आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नीति आयोग के सलाहकार राजनाथ राम, सिलवासा नगरपालिका अध्यक्ष सोमनाथ देवरे, दमण जिला पंचायत अध्यक्ष धरम पटेल, जिला पंचायत मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण गुप्ता, सिलवासा नगरपालिका मुख्य अधिकारी संग्राम शिंदे, दादरा नगर हवेली जिला पंचायत उपाध्यक्ष विनय गिंभल, सिलवासा नगरपालिका उपाध्यक्ष कविता सिंह, विकास एवं आयोजन अधिकारी पंकजसिंह परमार, नीति आयोग नोडल अधिकारी प्रदीप एस., जिला पंचायत सदस्यों, सिलवासा नगर पालिका सदस्यों, सरपंचों, वॉर्ड सदस्यों, ग्राम पंचायतों के पंचायत मंत्री एवं जिला पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण गुप्ता ने संपूर्णता अभियान 2.0 एवं जल महोत्सव 2026 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद संपूर्णता अभियान (स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि, सामाजिक विकास, शिक्षा, बुनियादी ढांचा) पर एक लघु वीडियो प्रदर्शित किया गया एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक तारपा नृत्य प्रस्तुत किया गया। दानह समाहर्ता प्रियांक किशोर द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जल के प्रति जागरूकता एवं महत्व पर प्रेरणादायक संबोधन किया गया साथ ही उनके द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 एवं जल के प्रति जागरूकता एवं महत्व पर शपथ सभी उपस्थित चुने हुए जन प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारीगण को दिलवाई गई। साथ ही जिला पंचायत दादरा नगर हवेली द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग के खरडपाड़ा ग्राम पंचायत की सेल्फ हेल्प ग्रुप (गौरी महिला मंडल), मसाट ग्राम पंचायत की सेल्फ हेल्प ग्रुप (एंजेल महिला मंडल) एवं दपाड़ा ग्राम पंचायत की सेल्फ हेल्प ग्रुप (सायोना महिला मंडल) को सिल्वन कार्ट प्रदान की गई। जल महोत्सव पखवाड़ा 2026 के विकसित भारत थीम के अंतर्गत आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय नरोली (गुजराती माध्यम) की शिवानीकुमारी वारली को प्रथम पुरस्कार, केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय सिलवासा (मराठी माध्यम) की भूमिका पांडुरंग कावर को द्वितीय पुरस्कार एवं केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय खानवेल (अंग्रेजी माध्यम) की कोयल बिसवास को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये गए। साथ ही मैं भी जल रक्षक थीम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय खानवेल (गुजराती माध्यम) की पूनम नवसा कुवरा को प्रथम पुरस्कार, केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय खरडपाड़ा (गुजराती माध्यम) की कविताबेन सतीशभाई पागी को द्वितीय पुरस्कार एवं केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय सिलवासा (अंग्रेजी माध्यम) की आर्या अशोक यादव को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये गए। संपूर्णता अभियान 2.0 का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार तक स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आधारभूत सुविधाएं तथा आजीविका से संबंधित सेवाएं पहुंचाना है। इसके अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की देखभाल, रोग जांच, पोषण आहार की उपलब्धता, किसानों को सहयोग, नल जल कनेक्शन, डिजिटल साक्षरता तथा स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे नागरिकों को स्वस्थ, शिक्षित एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

