asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

संघ प्रदेश थ्रीडी में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के पंजीकरण और रिन्यूअल प्रक्रिया हुई शुरू

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 01 फरवरी। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के दिशा-निर्देशानुसार संघ प्रदेश में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना / प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के अंतर्गत पंजीकरण एवं नवीनीकरण (रिन्यूअल) की प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो गई है। इसी संदर्भ में प्रशासक के सलाहकार अंकुर गर्ग एवं स्वास्थ्य सचिव अरवा गोपीकृष्ण द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान करते हुए एक बैठक आयोजित की गई। 29-01-2026 को सीनियर कंसल्टेंट / टेक्निकल एडवाइज़र (स्वास्थ्य) डॉ. वी. के. दास द्वारा मेडिकल कॉलेज में संघ प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एएनएम एवं एमपीडब्ल्यू के लिए एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को योजना के पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुँचाने के लिए भी मार्गदर्शन दिया गया। संघ प्रदेश में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 31 मई 2026 तक चलेगी। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जिसे वर्ष 2018 से पूरे देश के साथ-साथ संघ प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में लागू किया गया है। इस योजना के अंतर्गत दो श्रेणियों में लाभार्थियों का पंजीकरण एवं सत्यापन किया जा रहा है। सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (रएउउ-2011) में सूचीबद्ध एवं वंचित परिवार तथा स्वयं भुगतान श्रेणी-पैसे (प्रीमियम) भरकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के अंतर्गत अब 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना का लाभ मिलेगा, चाहे वे किसी भी आर्थिक वर्ग-गरीब, मध्यम वर्ग या उच्च वर्ग-से संबंधित हों। संघ प्रदेश में जिन परिवारों को पैसे (प्रीमियम) भरकर इस योजना का लाभ लेना हैं, वे 3,908 रूपए की प्रीमियम राशि का भुगतान कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी बीमारियों के इलाज हेतु किसी भी पैनलबद्ध अस्पताल में उपचार करा सकते हैं। देशभर में लगभग 20,000 पैनलबद्ध अस्पतालों में इस योजना के अंतर्गत नि:शुल्क (कैशलेस) उपचार की सुविधा उपलब्ध है। संघ प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर योजना के अंतर्गत पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी।

Related posts

भारतीय मानक ब्यूरो ने सिलवासा में एमएसएमई सम्मेलन का किया आयोजन

Asli Azadi

दमण-दीव के विकास के लिए ऐतिहासिक निर्णय : सीजेडएमपी

Asli Azadi

नेताजी सुभाषचंद्र बोस मिलट्रिी एकेडमी सैनिक स्कूल का मनाया गया तीसरा वार्षिकोत्सव

Asli Azadi

Leave a Comment