asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

दीव के घोघला बीच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का हुआ आगाज दीव के घोघला बीच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का हुआ आगाज

असली आजादी न्यूज नेटवक, दीव 05 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम मार्गदर्शन में भारत आज संपूर्ण विश्व में अपनी एक सशक्­त पहचान कायम कर रहा है। खेल का क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं रहा है। इसी क्रम में केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन के मार्गदर्शन में खेल और युवा मामला विभाग दादरा नगर हवेली और दमण – दीव द्वारा ब्लू फ्लैग सर्टिफाइड घोघला बीच पर 5 से 10 जनवरी 2026 के मध्य खेलो इंडिया बीच गेम्­स 2026 के दूसरे संस्­करण का आयोजन किया जा रहा है जिसका भव्य ओपनिंग समारोह 05 जनवरी 2026 को शाम 5:00 बजे से दीव के ब्लू फ्लैग सर्टिफाइड घोघला बीच पर गुजरात की लोक प्रसिद्ध गायिका गीता रबारी के मनमोहक गीतों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच धूमधाम से आयोजित हुआ। इस अवसर पर जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल के साथ उपस्थित रहे। 6 दिनों तक चलने वाले 8 बीच स्पर्धाओं में 31 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1400 एथलीट और 2100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के आरंभ में प्रसिद्ध खेल विजेताओं द्वारा जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल का स्वागत किया गया। साथ ही जिला पंचायत प्रमुख रंजीता धीरज कोटिया और दीव नगरपालिका प्रमुख हरेश पांचा का भी खेल विजेताओं द्वारा स्­वागत किया गया। तत्पश्­चात खिलाडियों तृप्ति मुरगुण्डे, नंदिनी अगासरा, नरसिंह पंचम यादव, युवराज बाल्मीकि, राजेश चौहान, यज्जू सुब्बा राव का हार्दिक स्­वागत किया गया। इसके उपरांत दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के खेल सचिव अरुण टी. ने मंचासीन अतिथियों, प्रसिद्ध खिलाड़ियों एवं खेलो इंडिया बीच गेम्­स 2026 में भाग लेने आए खिलाडियों का शाब्दिक स्वागत किया। उन्­होंने दीव में खेल संस्­कृति के आरंभ एवं विकास तथा बीच गेम्­स के आयोजन के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल को धन्­यवाद ज्ञापित किया और सभी खिलाडियों को शुभकामनाएं दी। इसके बाद दीव के खेल की प्रेरणादायी एवं रोचक यात्रा से संबंधित विडियो दिखाया गया, जिसमें संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव द्वारा दीव में भारत के पहले बीच गेम्­स मई 2025 में खेलो इंडिया बीच गेम्­स के प्रथम संस्­करण के आयोजन एवं शानदार उपलब्धियों को दर्शाया गया। इसके पश्­चात एशियन चैम्­पियन तथा ट्रैक एवं फिल्­ड एथलिट नंदिनी अगासरा ने खेलो इंडिया बीच गेम्­स के आयोजन एवं इसके महत्­व को रेखांकित करते हुए संदेश पढ़ा। तदुपरांत, भारत की वैविध्यपूर्ण एवं सामासिक संस्कृति की सुंदर झलक एक मंच पर प्रस्तुत करने वाला नृत्य प्रस्तुत किया गया जिसने सभी दर्शकों और अथितियों का मन मोह लिया। इसके उपरांत 2025 खेलो इंडिया बीच गेम्स के पूर्व विजेताओं द्वारा मशाल मंच पर लाया गया और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल एवं प्रसिद्ध खेल हस्तियों द्वारा खेल की मशाल स्­थापित की गई। भारत के विभिन्­न राज्­यों/संघ प्रदेशों के खिलाडियों ने हाथ में अपने राज्­यों के नाम के बोर्ड के साथ रोचक एथलिक मार्च किया जिसे देखकर सभी दर्शक अभिभूत हो गये और सबने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी खिलाडियों का उत्­साह बढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्­य अतिथि जम्मू – कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल को खेलो इंडिया बीच गेम्­स के द्वितीय संस्­करण के आयोजन एवं इसमें आमंत्रित करने के लिए धन्­यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी के नेतृत्­व में भारत खेल महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। मनोज सिन्हा ने कहा कि खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 के आयोजन से खेलों की अभूतपूर्व संस्कृति का विकास होगा। संघ प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा संघ प्रदेश की पर्यटन क्षमता का संवर्धन होगा। उन्­होंने संघ प्रदेश में भारत के पहले बीच गेम्स के आयोजन के लिए प्रशासक प्रफुल पटेल को बधाई दी और प्रदेश में खेल की मजबूत संस्­कृति के निर्माण के लिए सराहना की। तदुपरांत प्रशासक के सलाहकार अंकुर गर्ग ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश पढ़कर सभी को सुनाया और भारत के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के प्रधानमंत्री के विचारों से अवगत कराया। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए और केंद्र शासित प्रदेश को केआईबीजी 2026 की मेजबानी के लिए बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया बीच गेम्स का भारत के खेल परिदृश्य में विशेष स्थान है। समुद्र तट और तटीय खेल शारीरिक सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता और लगातार बदलती परिस्थितियों में परफॉर्म करने की क्षमता की मांग करते हैं। उभरते हुए खेलों को मंच प्रदान कर ये खेल भारतीय खेलों के क्षितिज का विस्तार करते हैं और प्रतिभाओं की खोज, पहचान और उनको निखारने के लिए नए रास्ते खोलते हैं।”प्रधानमंत्री ने घोघला बीच को आयोजन स्थल के रूप में चुने जाने की सराहना करते हुए कहा कि ब्लू फ्लैग प्रमाणित घोघला बीच का चयन विशेष रूप से सराहनीय है। प्रकृति के साथ सामंजस्य में आयोजित खेल न केवल खेल उपलब्धियों को बढ़ावा देते हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी सशक्त माध्यम बनते हैं। यह स्थल हमें याद दिलाता है कि उत्कृष्टता और सततता साथ-साथ आगे बढ़ती हैं।” जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 की औपचारिक एवं प्रतीकात्मक शुरुआत की घोषणा की । कार्यक्रम के अंत में दीव स्कूली बच्चों ने वंदे मातरम् गीत प्रस्तुत किया और खूबसूरत आतिशबाजी तथा मनमोहक संगीत के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई।

Related posts

दादरा नगर हवेली और दमण एवं दीव के निर्वाचित प्रतिनिधियों को मिलेगा मासिक मानदेय

Asli Azadi

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दमण ने दिलीपनगर ग्राउंड पर विजयादशमी उत्सव और शस्त्र पूजन का किया आयोजन

Asli Azadi

भारतीय तटरक्षक वायु स्टेशन दमण में योग सत्र का हुआ आयोजन

Asli Azadi

Leave a Comment