असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 04 जनवरी। अरब सागर की लहरों से सजी घोघला बीच आने वाले पाँच दिनों तक खेलों के उत्सव स्थल के रूप में तब्दील होने जा रही है। यहां होने वाले खेलो इंडिया बीच गेम्स के दूसरे संस्करण में 2100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। केन्द्रशासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव द्वारा आयोजित ये खेल 5 से 10 जनवरी तक भारतीय खेल प्राधिकरण और राष्ट्रीय खेल महासंघों की तकनीकी देखरेख में आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों में 1100 से अधिक खिलाड़ी आठ खेलों-बीच वॉलीबॉल, बीच सॉकर, सेपक टकरॉ, बीच कबड्डी, पेंचक सिलाट, ओपन वॉटर स्विमिंग में हिस्सा लेंगे। मल्लखंब और रस्साकशी को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है। इनमें से पहले 6 खेल पदक स्पर्धाएं होंगी, जिनमें कुल 32 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे। खेलो इंडिया बीच गेम्स के पहले संस्करण में मणिपुर, महाराष्ट्र और नागालैंड ने क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहते हुए पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। तीनों राज्यों ने पाँच-पाँच स्वर्ण पदक जीते थे, हालांकि रजत पदकों की संख्या के आधार पर उनकी रैंकिंग तय हुई थी। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि पहले खेलो इंडिया बीच गेम्स में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हम खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अपनी पसंद का खेल खेलने के लिए नए मंच उपलब्ध करा रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत खेल संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं को स्वस्थ नागरिक बनाया जा सके। वर्ष 2026 में और भी नए खेलो इंडिया आयोजन देखने को मिलेंगे। हम खेलों के माध्यम से देश को जोड़ना और प्रतियोगिताओं के जरिये खुशी फैलाना चाहते हैं। डॉ. मनसुख मांडविया ने आगे कहा कि खेलो इंडिया के आयोजन खेलो भारत नीति के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि खेलों को जन-आंदोलन बनाया जाए और उन्हें सामाजिक ताने-बाने का हिस्सा बनाया जाए। बीच गेम्स जैसे आयोजन खेलों के माध्यम से देश की प्राकृतिक सुंदरता को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत करते हैं। ब्लू फ्लैग प्रमाणित घोघला बीच पर सोमवार शाम खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केन्द्रशासित प्रदेश दादरा नगर हवेली एवं दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल और केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा उपस्थित रहेंगे। शनिवार से ही विभिन्न टीमों का धूप से नहाए दीव में आगमन शुरू हो गया है। इस बार 29 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को पहले दिन बीच कबड्डी और बीच सॉकर की स्पर्धाओं के साथ खेलों की शुरुआत होगी। पिछले वर्ष कबड्डी में हरियाणा का दबदबा रहा था, जबकि बीच सॉकर में पुरुष वर्ग में केरल और महिला वर्ग में ओडिशा ने स्वर्ण पदक जीते थे।

