- वापी में 150 बेड की अस्पताल और वलसाड में नए जिला पंचायत भवन का होगा लोकार्पण
- राज्य का पहला प्राकृतिक कृषि बिक्री केंद्र प्रभा की करेंगे शुरूआत
- असली आजादी न्यूज नेटवर्क, वलसाड/वापी, 2 नवंबर। गुजरात के मुख्यमंत्री
भूपेंद्र पटेल 3 नवंबर को वलसाड जिले के दौरे पर आ रहे हंै। इस दौरान वे जिले के नागरिकों को दीपावली से पहले 441 करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के हाथों वापी में नवनिर्मित अत्याधुनिक उप-जिला अस्पताल, वलसाड में भव्य जिला पंचायत भवन और गुजरात के पहले ‘प्रभा’ प्राकृतिक कृषि बिक्री केंद्र का लोकार्पण किया जाएगा। इन गरिमामय आयोजनों में गृह राज्य मंत्री हर्ष भाई संघवी सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वापी को मिलेगी 48.22 करोड़ रूपये की लागत से बने उप जिला अस्पताल की सौगात: राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा 48.22 करोड़ रूपये की लागत से वापी में 150 बेड का आधुनिक सब-डि्ट्रिरक्ट (उप-जिला) अस्पताल तैयार किया गया है, जिसका कल मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके बाद वापी वीआईए के कनु देसाई ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिले के कुल 441 करोड़ रूपये के विभिन्न लोक-कल्याणकारी कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास संपन्न होगा। 37.50 करोड़ रूपये की लागत से तैयार हुआ वलसाड जिला पंचायत का आधुनिक भवन: जिले के नागरिकों की प्रशासनिक सुविधा को बढ़ाने के लिए पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 37.50 करोड़ रूपये के खर्च से नए वलसाड जिला पंचायत भवन का लोकार्पण किया जाएगा। ग्राउंड प्लस पांच ऐसे कुल छह मंजिला यह आधुनिक परिसर सभी जिला स्तरीय पंचायत कार्यालयों को एक ही छत के नीचे लाएगा, जिससे नागरिकों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस सुविधायुक्त भवन में भव्य स्वागत कक्ष, वीआईपी प्रवेश द्वार, अधिकारियों और आम जनता के लिए 4 लिफ्ट, 50 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुलभ व्यवस्था की गई है। गुजरात में पहली बार वलसाड से होगी प्रभा प्राकृतिक कृषि बिक्री केंद्र की शुरुआत: राज्यपाल आचार्य देवव्रत के प्राकृतिक कृषि अभियान को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री कल दोपहर 12:30 बजे वलसाड के तीथल रोड पर राज्य के पहले ‘प्रभा- प्राकृतिक कृषि बिक्री केंद्र’ का उद्घाटन करेंगे। इस अनोखी पहल का उद्देश्य प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ना है ताकि नागरिकों को रसायन-मुक्त ताजे फल, सब्जियां, अनाज और मसाले आसानी से मिल सकें। प्रशासन ने जिले में ऐसे कुल 10 स्थानों जैसे कलेक्ट्रेट परिसर, धरमपुर, कपराडा और वापी-सेलवास रोड को चिह्नित किया है, जो किसानों की आर्थिक समृद्धि में मील का पत्थर साबित होंगे। इन कार्यक्रमों में राज्य के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई, ऋषिकेश पटेल, नरेशभाई पटेल, संजयसिंह महिडा, सांसद धवलभाई पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष हेतलबेन पटेल सहित स्थानीय अग्रणी और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

