- प्रशासक के सलाहकार अंकुर गर्ग, पर्यटन सचिव अस्कर अली और दीव कलेक्टर राहुल देव बुरा ने हरी झंडी दिखाकर दो बसों का किया लोकार्पण ल्ल पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को आवागमन में होगी सहुलियत
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 24 अक्टूबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में आज जिंजर सर्किट हाउस दीव में प्रशासक के सलाहकार अंकुर गर्ग, पर्यटन एवं लोक निर्माण सचिव अस्कर अली एवं दीव समाहर्ता राहुल देव बुरा द्वारा हरी झंडी दिखाकर दो बसों का लोकार्पण किया गया। इनमें से पहली बस दीव दर्शन के लिए शुरू की गई है, जिसके माध्यम से पर्यटक दीव के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। इस सेवा का किराया 200 रूपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। पर्यटक इसमें दीव के किसी भी स्थल से बैठकर दीव के दर्शनीय स्थलों के भ्रमण एवं दर्शन का आनंद उठा सकते हैं। यह बस, बस स्टॉप से दीव बस स्टैंड, घोघला बीच, आईएनएस खुखरी पोत संग्रहालय, दीव किला, सेंट पॉल चर्च, जलंधर, आईएनएस खुखरी मेमोरियल, गंगेश्वर मंदिर, नागवा बीच होकर पुन: दीव बस स्टैंड रूकेगी। दूसरी बस सेवा स्थानीय निवासियों की आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। इन दोनों बसों की सेवा 25/10/2026 से शुरू हो जाएगी। इन सेवाओं से परिवहन सुविधाएँ सुदृढ़ होंगी तथा दीव के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर प्रशासक के सलाहकार, पर्यटन एवं पीडब्ल्यूडी सचिव एवं दीव समाहर्ता के साथ-साथ उप समाहर्ता दीव शिवम मिश्रा, मुख्य अधिकारी डीएमसी धर्मेश दमणिया और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

