asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

संघ प्रदेश थ्रीडी पुलिस ने पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा, 21 अक्टूबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव पुलिस की ओर से बुधवार 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सिलवासा स्थित पुलिस मुख्यालय के सामने परेड मैदान में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के पुलिस उप महानिदेशक संतोष मीणा की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संयुक्त रूप से स्मृति चिह्न पर पुष्प अर्पित कर देश की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सिलवासा के पुलिस अधीक्षक सचिन यादव, दमण के पुलिस अधीक्षक केतन बंसल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक तथा पुलिस जवान उपस्थित रहे। सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। भारत में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का ऐतिहासिक संबंध 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट ्प्रिरंग्स क्षेत्र में हुई उस घटना से है, जिसमें चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दस जवान शहीद हो गए थे। भारतीय पुलिस दल के इन जवानों ने विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन वीर जवानों की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने और कर्तव्य पालन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले देशभर के पुलिसकर्मियों को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है। जनवरी 1960 में आयोजित पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन में इस दिवस को मनाने का निर्णय लिया गया था। पुलिस स्मृति दिवस देश के उन सभी पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, नागरिकों की रक्षा और समाज में शांति बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है।
पुलिसकर्मी अनेक चुनौतियों और जोखिमों के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। आपातकालीन परिस्थितियों, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के कार्यों में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सिलवासा में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह ने पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों को अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान आने वाली पीढि़यों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया गया। राष्ट्र की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी वीर पुलिसकर्मी देशवासियों के हृदय में सदैव अमर रहेंगे।

Related posts

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 अंतर्गत भाजपा का जिला स्तरीय संयुक्त प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन

Asli Azadi

दमण में एक व्यक्ति को बांधकर वाहन में ले जाने का वीडियो वायरल, लोगों में नाराजगी

Asli Azadi

वापी महानगरपालिका में भाजपा का भगवा लहराया, 52 सीटों में से 37 सीटों पर भाजपा ने किया कब्जा: 4 निर्दलियों ने भी कर दिया समर्थन घोषित

Asli Azadi

Leave a Comment