– सोमनाथ ग्राम पंचायत की सरपंच वर्षिका पटेल को सुकन्या समृद्धि योजना के प्रचार-प्रसार तथा बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुकन्या दीदी के रूप में किया गया सम्मानित – दमण में प्रधानमंत्री की सुकन्या समृद्धि योजना को प्रोत्साहन देने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का हुआ आयोजन
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 21 सितंबर। सोमनाथ ग्राम पंचायत में बालिकाओं के उज्जवल भविष्य एवं वित्तीय सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीआईए हॉल में सुकन्या समृद्धि योजना पासबुक वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोमनाथ ग्राम पंचायत के सहयोग एवं वित्तीय सहायता से 150 बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए तथा लाभार्थी बालिकाओं को पासबुक वितरित की गईं। कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ ग्राम पंचायत की सरपंच वर्षिका पटेल को सुकन्या समृद्धि योजना के प्रचार-प्रसार तथा बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुकन्या दीदी के रूप में सम्मानित किया गया। वर्षिका पटेल द्वारा 2 वर्ष पहले भी दमण में घर-घर जाकर लोगों को सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में जागरूक किया गया था। उनके प्रयासों से अब तक 450 से अधिक बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खोले जा चुके हैं। इतना ही नहीं अनेक बालिकाओं के खाते में पहले किस्त की रकम भी उन्होंने जमा कराई है। इस कार्यक्रम में वलसाड मंडल पोस्ट ऑफिस के अधीक्षक जयेश वशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं की शिक्षा एवं भविष्य के लिए नियमित बचत की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जमीनी स्तर तक सरकार समर्थित बचत योजनाओं को पहुंचाने में इंडिया पोस्ट की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर डीआईए प्रेसिडेंट पवन अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट आर. के. शुक्ला, वापी डाकघर उपमंडल निरीक्षक केयुर वाघेला, जनसंपर्क निरीक्षक डाकघर उमेश माह्यावंशी, वलसाड मंडल डीओ (पीएलआई) हार्दिक व्यास, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव कुणाल अहीर एवं प्रतीक भटकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से इंडिया पोस्ट एवं सोमनाथ ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयासों से बालिकाओं के वित्तीय सशक्तिकरण, नियमित बचत तथा सुकन्या समृद्धि योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए की गई इस पहल की सराहना की।

