अरब सागर के किनारे नमो पथ पर ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’ के हुए दर्शन
– प्रशासक प्रफुल पटेल ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का संघ प्रदेशवासियों की ओर से गर्मजोशी से किया स्वागत – नमो पथ पर सजी भव्य सांस्कृतिक परेड:भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत का हुआ प्रदर्शन – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संघ प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का श्रेय प्रशासक प्रफुल पटेल को देते हुए कहा कि उनके सक्षम एवं दूरदर्शी नेतृत्व में संघ प्रदेश का अभूतपूर्व विकास हुआ है वह वास्तव में अकल्पनीय और प्रशंसनीय है – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश को विकसित भारत बनाने के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं, हमें भी विकसित भारत के सपने कों पूरा करने के लिए अपना-अपना योगदान देना होगा: उ.प्र. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल – उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और संघ प्रदेशों के प्रशासक प्रफुल पटेल का मॉनसून फेस्टिवल में आगमन होते ही वहाँ उपस्थित हजारों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से किया स्वागत और अभिवादन
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 23 अगस्त। दमण के नमो पथ पर आज से दानह-डीडी मॉनसून फेस्टिवल-2026 का भव्य आगाज हुआ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संघ प्रदेश के मॉनसून फे स्टिवल का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर प्रशासक प्रफुल पटेल ने संघ प्रदेश की जनता की ओर से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम के अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर मॉनसून फेस्टिवल को शुरू कराया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संघ प्रदेश प्रशासन द्वारा आयोजित मॉनसून फेस्टिवल की अवधारणा की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएनएच-डीडी मॉनसून फेस्टिवल 2026 में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य और हर्ष का विषय है। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और विविधता को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। इस मौके पर आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रशासक प्रफुल पटेल के सक्षम एवं दूरदर्शी नेतृत्व में संघ प्रदेश में जिस प्रकार का अभूतपूर्व विकास हुआ है, वह वास्तव में अकल्पनीय और प्रशंसनीय है। विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति ने संघ प्रदेश को नई पहचान प्रदान की है। उन्होंने संघ प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में हुए उल्लेखनीय विकास कार्यों की भी प्रशंसा की तथा इसके लिए प्रशासक प्रफुल पटेल के सक्षम नेतृत्व की सराहना की।
उन्होंने कहा कि संघ प्रदेश को भारत सरकार से पहले जो फंड मिलता था, उतने ही फंड से प्रशासक प्रफुल पटेल ने संघ प्रदेश का इतना विकास किया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनता से सवाल पूछते हुए कहा कि पहले फंड कहां जाता था और कहां खर्च होता था?
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि मैं 20 साल पहले दमण में आई थी, तब दमण में कुछ भी नहीं था। मैं इस समुद्र किनारे भी आई थी, लेकिन आज इतना सुंदर सी-फ्रंट रोड और सौंदर्यीकरण के कारण यहाँ बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। प्रशासक प्रफुल पटेल ने इस प्रदेश में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में विकास किया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इस देश को विकसित भारत बनाने के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं। हम सभी को इस अभियान में अपना-अपना सहयोग देना है। आनंदीबेन पटेल ने संघ प्रदेश में महिलाओं के गर्भ धारण के समय से ही गर्भ संस्कार केंद्र स्थापित करने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इसके पश्चात राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा प्रशासक प्रफुल पटेल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परेड में विभिन्न सांस्कृतिक दलों एवं डूप्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का मनोहारी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें समिधा द्वारा शिव तांडव थीम पर ड्रम परफॉर्मेंस, गुजराती गरबा नृत्य तथा छत्रपति शिवाजी थीम डांस प्रमुख रहे। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत वातावरण निर्मित किया।
आज के कार्यक्रम में दमण जिला पंचायत प्रमुख धरम पटेल, दमण नगरपालिका प्रमुख दीपिका टंडेल, दानह जिला पंचायत अध्यक्षा निशा भावर, सिलवासा नगरपालिका प्रमुख सोमनाथ पाटील, संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया, पूर्व सांसद लालू पटेल, पूर्व सांसद नटु पटेल, भाजपा नेता विशाल टंडेल, डीआईए प्रेसिडेंट पवन अग्रवाल सहित काउंसिलरों, जिला पंचायत सदस्यों, सरपंचों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, विभिन्न समाजों के अग्रणियों तथा हजारों की संख्या में नागरिकों एवं पर्यटकों की मौजूदगी रही। उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्रालय तथा इंक्रेडिबल इंडिया के समन्वय से आयोजित मॉनसून फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ 22 अगस्त को हुआ है और यह 30 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा। फेस्टिवल के दौरान संस्कृति, संगीत, नृत्य, खान-पान, मनोरंजन एवं विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों के माध्यम से संघ प्रदेशवासियों तथा पर्यटकों के लिए उत्सवपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। मॉनसून फेस्टिवल संघ प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास को एक साथ मंच प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन बनकर उभर रहा है।

