असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 21 अगस्त। दादरा नगर हवेली में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के परिणाम 20 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे घोषित किए गए। चुनाव परिणाम के बाद अनिल चंद्र खुलात को दादरा नगर हवेली प्रदेश युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अनिल चंद्र खुलात की नियुक्ति भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब एवं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के नेतृत्व तथा संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत की गई है। इस नियुक्ति को दादरा नगर हवेली में युवा कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनिल चंद्र खुलात के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को संगठन से जोड़ने, युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने तथा कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।
दादरा नगर हवेली प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अजीत रामजी महाल ने अनिल चंद्र खुलात को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस संगठन प्रदेश में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा तथा युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।

