पीएम मोदी के सक्षम नेतृत्व में हमारा देश विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनने की ओर तेजी से अग्रसर है: प्रफुल पटेल
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 16 अगस्त। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दीव के घोघला जेटी पर स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण -दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में प्रशासक ने स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात वीरों जैसे भगत सिंह, सुखदेव और अनगिनत वीर शहीदों को याद किया और कहा कि उनके बलिदानों की नीव पर हमारी आजादी की इमारत खड़ी है। उन्होंने दीव धरा को दिव्य कहते हुए कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि उन्हें आज यहां आने का और जनता से रूबरू होने का पुन: अवसर मिला । उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश के आज़ादी के 7 दशक पूर्ण कर 8वीं दशक में प्रवेश किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत बनाने के स्वप्न और संकल्प को याद करते हुए कहा कि हमारा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में सर्वांगीण प्रगति कर रहा है और विकसित तथा आत्मनिर्भर भारत बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि हम सभी मिलकर पूरी निष्ठा और लगन के साथ आगे बढ़ें, तो आने वाले वर्षों में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में सफल होगा। उन्होंने एक भव्य, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए सभी देशवासियों का आह्वान किया। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भारत निरंतर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल जैसे अत्याधुनिक हथियारों ने हमारी रक्षा क्षमता को और सशक्त बनाया है। भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति से हमारे शत्रु भयभीत हैं और अब कोई भी भारत की ओर आँख उठाकर देखने का साहस नहीं करता। इस अवसर पर प्रशासक प्रफुल पटेल ने संचार सुविधाओं में देश में आई क्रांति को याद करते हुए वंदे भारत ट्रेन जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं का उल्लेख किया और कहा कि भविष्य में शीघ्र ही नागरिकों को बुलेट ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा। प्रशासक प्रफुल पटेल ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संघ प्रदेश दौरे के दौरान दमण हवाई अड्डे के उद्घाटन का जिक्र करते हुए कहा कि परम आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के दूरदर्शी नेतृत्व में दमण में वाणिज्यिक हवाई अड्डे के निर्माण का कार्य पूर्ण हो गया है और शीघ्र ही नागरिकों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। साथ ही दीव हवाई अड्डे का विस्तार करते हुए आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएगी तथा भविष्य में यहाँ एयरबस 320 बड़े विमानों के संचालन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जेठीबाई नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो गया है, जिससे शीघ्र ही आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधाओं के साथ-साथ आधुनिक एवं सौंदर्यपूर्ण परिसर की सुविधा भी प्राप्त होगी। प्रशासक प्रफुल पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी युवाओं के भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध हैं और उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप के माध्यम से नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि आज भारत विश्व में मोबाइल फोन के निर्माण के क्षेत्र में दूसरे स्थान पर है, जो देश की बढ़ती विनिर्माण क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के निरंतर प्रयासों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से देश के लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर अग्रसर हुए हैं। (समाचार का शेष पेज 2 पर)
उन्होंने कहा कि भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से देश की जनता को व्यापक लाभ मिला है तथा इन योजनाओं ने लोगों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत के विकास की परिभाषा केवल भौतिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक विकास और समावेशी प्रगति को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन में महिलाओं की प्रभावी एवं समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से देश की महिलाओं को व्यापक लाभ मिला है और वे निरंतर सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसके अंतर्गत लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं, जिनके माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, नए अवसर प्राप्त करने और आर्थिक रूप से सशक्त होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में दमण एवं दीव प्रशासन भी भारत के विकास के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। यह प्रगति यहाँ के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम जनता के निरंतर सहयोग और सहभागिता से ही संभव हुई है। इसके फलस्वरूप संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने दीव की बेहतरीन स्वच्छता एवं सौंदर्य पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दीव अति स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। स्वच्छता और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के कारण दीव में पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसका श्रेय प्रशासन के साथ-साथ निर्वाचन जन प्रतिनिधियों को जाता है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि स्वच्छता अब संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव की पहचान और संस्कार बन गई है। दीव में विकास बहुत तेजी से हो रहा है जिसका लाभ प्रदेशवासियों को मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र पर बोलते हुए प्रफुल पटेल ने कहा कि सरकार के प्रयासों और संघ प्रदेश प्रशासन के निरंतर प्रयत्नों से विद्यालयों में विद्यार्थियों की ड्रॉपआउट दर में उल्लेखनीय कमी आई है। शाला प्रवेशोत्सव जैसी पहलों के कारण विद्यार्थियों के नामांकन में भी वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरूप शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक और बुनियादी परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि देश के 784 जिलों में भारत सरकार द्वारा चलाये गए सर्वेक्षण के अंतर्गत निर्धारित मानदंडों पर सबसे ज़्यादा खरा उतरते हुए दीव प्रथम स्थान पर आया है। उन्होंने यह भी कहा कि दीव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में अग्रसर है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्रशासन के निरंतर प्रयासों तथा शिक्षकों की अथक मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता के कारण संभव हो पाई है। शिक्षकों के कंधों पर विद्यार्थियों को संस्कारित व सुशिक्षित करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। प्रशासक ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व तक दीव का शैक्षणिक प्रदर्शन अपेक्षाकृत निम्न स्तर पर था, किंतु विगत दो-तीन वर्षों में प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों एवं विभिन्न सुधारात्मक पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आज संघ प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में जो सकारात्मक बदलाव और सुविधाएं दिखाई दे रही हैं, ऐसी स्थिति लगभग दस वर्ष पहले नहीं थी। पिछले एक दशक में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीव की छात्रा निकिता सोलंकी से 15-15 मिनट तक संवाद किया, जो हम सभी के लिए गर्व और गौरव की बात है। प्रशासक ने कहा कि संघ प्रदेश के विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका लाभ विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी मिल रहा है। संघ प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज आदि उच्च शिक्षण संस्थानों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं। इन संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों का शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास हो रहा है और उनके उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव तैयार हो रही है। संघ प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं पर बोलते हुए प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि मैंने सरकारी अस्पताल का निरीक्षण किया और वहाँ उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सीटी स्कैन एवं अन्य आवश्यक जांच और निदान की सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैमोग्राफी की सुविधा भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दीव में 8,045 घरों को नई सीवरेज व्यवस्था से जोड़ने का कार्य पूर्ण हो गया है। इसी प्रकार दीव में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेशनल बीच गेम्स का सफल आयोजन दीव में किया गया, जिसमें देशभर से कोच और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दीव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। इसके पश्चात लगातार खेलो इंडिया बीच गेम्स का आयोजन भी दीव में हो रहा है, जो समस्त दीववासियों के लिए गर्व और गौरव की बात है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि व्यसन व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है। उन्होंने संघ प्रदेश के युवाओं और नागरिकों से अपील की कि वे सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहें, अपने जीवन को सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में लगाएं तथा स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संघ प्रदेश के सभी नागरिकों को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा, ताकि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में अपना सकारात्मक और सार्थक योगदान दे सकें। कार्यक्रम के अंत में प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि सामाजिक समरसता और सौहार्द को प्रभावित करने के लिए कुछ शरारती तत्व एवं बाहरी शक्तियां युवाओं को भटकाने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि युवाओं का मार्गदर्शन करें, उन्हें सही दिशा दिखाएं और राष्ट्र की प्रगति एवं विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करें। माननीय प्रशासक ने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकास की यात्रा में सहभागी बनने तथा राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देने का आह्वान किया। प्रशासक प्रफुल पटेल के उद्बोधन के बाद प्रशासक के साथ उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने वंदे मातरम् का जयघोष किया, जिससे संपूर्ण कार्यक्रम स्थल गुंजायमान हो गया और सभी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गए। तत्पश्चात देशभक्ति के ओजपूर्ण गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके उपरांत प्रशासक प्रफुल पटेल ने सर्वोत्तम प्रदीप्त सरकारी कारी भवन, सबसे अधिक स्वच्छ पंचायत, नगरपालिका वार्ड आदि से संबंधित पुरस्कार वितरित किए। समारोह में संघ प्रदेश प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवान, विद्यार्थी, शिक्षक तथा नागरिक भारी संख्या में उपस्थित रहे।

