asliazadi
दमण, दानह, दीव की खबरें

वणाकबारा में सोलंकी गोठी परिवार ने गढेची माता मंदिर का मनाया प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 27 जुलाई। दीव के वणाकबारा स्थित श्री गढेची माताजी मंदिर में सोलंकी गोठी परिवार द्वारा भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। प्रात:काल से ही मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। इसके पश्चात पारंपरिक वाद्ययंत्रों और जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा वणाकबारा की विभिन्न गलियों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए माता के जयकारे लगाए। कलश यात्रा पुन: श्री गढेची माताजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य हवन का आयोजन किया गया। धार्मिक विधि-विधान संपन्न होने के बाद दोपहर में महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। शाम के समय धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच दांडिया रास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सोलंकी गोठी परिवार द्वारा आयोजित इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री गढ़ेची माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे वणाकबारा का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

Related posts

दमण जिले में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित: निचले इलाकों में भरा पानी,सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

Asli Azadi

दीव के अद्भुत पर्यटन विकास को देखकर केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का ऐलान: दीव नई उंचाईयों को छुएगा

Asli Azadi

मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और एयरोस्पेस इनोवेशन धोलेरा को वैश्विक औद्योगिक हब के तौर पर करेगा स्थापित : किंजरापु राममोहन नायडू

Asli Azadi

Leave a Comment