दमण के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि: नमो एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट ने भरी उडान
– दमण और नई दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ बनाने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है: किंजरापु राममोहन नायडू – पिछले दस वर्षों में संघ प्रदेश ने आधुनिक अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है: प्रशासक प्रफुल पटेल – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 जून 2026 को राष्ट्र को समर्पित नमो एयरपोर्ट से निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानों का हुआ शुभारंभ – एलायंस एयर ने दमण-दिल्ली-दमण सेवा प्रारंभ की, मुंबई-दमण-अहमदाबाद मार्ग भी शीघ्र होगा शुरू – बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, व्यापार, निवेश, रोजगार एवं क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 16 जुलाई। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा, जब नमो एयरपोर्ट दमण से नई दिल्ली के लिए पहली निर्धारित वाणिज्यिक उड़ान को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने प्रशासक प्रफुल पटेल की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दमण से निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानों का शुभारंभ यहां के नागरिकों की लंबे समय से संजोई गई आकांक्षा की पूर्ति है तथा इससे संघ प्रदेश में विमानन, पर्यटन और आर्थिक विकास के नए युग का शुभारंभ हुआ है। इस अवसर पर एलायंस एयर ने अपनी नियमित दमण-दिल्ली-दमण सेवा प्रारंभ की, जिसका संचालन प्रत्येक सोमवार और बुधवार को किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मुंबई-दमण-अहमदाबाद मार्ग भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे दमण को देश के प्रमुख वाणिज्यिक एवं प्रशासनिक केंद्रों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि दमण और नई दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ बनाने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह नई हवाई सेवा पर्यटन, व्यापार, निवेश एवं आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी तथा नागरिकों और पर्यटकों के लिए यात्रा को अधिक तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाएगी। उन्होंने कहा कि आज दमण के लिए एक ऐतिहासिक दिन है और हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की क्रांतिकारी उड़ान योजना के तहत 120 करोड़ रूपये की लागत से बना यह नमो एयरपोर्ट आज गर्व के साथ उड़ान भरने जा रहा है। यह हमारे सबके लिए एक सौभाग्य का विषय है। आपके दमण की पहली उड़ान सीधी देश की राजधानी दिल्ली के लिए हमारे सामने उड़ने के लिए तैयार है। वह भी केवल ढाई घंटे में यहां से वहां पहुंचने की एक इंतजाम हमने आज यहां से शुरू करने का काम किया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर आप सभी को खास करके दमण के रहने वाले हमारे भाइयों और बहनों को मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। दमण में यह समुद्र की सुकून भरी हवा और समुद्र की लहरें आपके दिलों का जो अपनापन है वो दर्शाता है और यह यहां का पहचान भी है। मैंने सुना था और हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री जी भी इसका उल्लेख कई बार कर चुके हैं कि दमण के विषय में जब बोलते हैं तो एक मिनी इंडिया की तरह इसको बोलते हैं और आज दमण आकर उसे मैंने महसूस भी किया। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने दूरदर्शी नेतृत्व के साथ विकास भी किया और हमारे विरासत को भी एक गौरव हमने दिया और जन कल्याण की भी एक तेज गति से आगे बढ़ने का काम हमारे भारत में हर क्षेत्र में हमने देखा। कोई भी प्रांत हो, कोई भी क्षेत्र हो, हर जगह जाएंगे तो आज एक नया भारत का महसूस आपका सबको देखने को मिलेगा और मुझे गर्व है उसका एक तरह का महसूस हमें दमण में भी देखने को मिला है। मेरा सौभाग्य है कि इस तरह के एक दूरदर्शी नेतृत्व के साथ भारत को सबसे सक्षम स्तर पर रखने वाले हमारे प्रधानमंत्री जी के साथ इतने कम उम्र में मुझे एक केन्द्रीय मंत्री के तहत काम करने का एक मौका मिला। शिक्षा के क्षेत्र में हो या फिर रोजगार के क्षेत्र में, पर्यटक के क्षेत्र में या अन्य कहीं सारे स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो भी चीज आप देखेंगे कि पिछले 12 साल में अगर तुलना करेंगे तो आपको जमीन आसमान का फर्क आज दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में देखने को मिलेगा। दादरा नगर हवेली और दमण-दीव को 13,000 करोड़ की लागत से 450 से अधिक परियोजनाओं का लाभ भी इस सरकार में हमें मिला है। प्रधानमंत्री जी ने इस क्षेत्र के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि दमण वासियों ने प्रधानमंत्री जी को नेतृत्व में सम्मान भी देखा और उसी के साथ आज उनको भी सम्मान करते हुए हमारा जो एयरपोर्ट है उसका नाम भी नमो एयरपोर्ट करके लोकार्पण भी किया। मेरा मानना है कि नमो केवल एक नाम नहीं है। नमो एक सेवा भाव समाज के लिए है। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि ढाई लाख की आबादी वाला दमण जिसे छोटा टाउन बोल सकते हैं इसमें इतना बडा एयरपोर्ट हो और यहां से डायरेक्ट फ्लाइट देश की राजधानी दिल्ली से हम जुडते हैं तो इससे बडा सौभाग्य क्या हो सकता है। आज केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री पिंजरापु राममोहन नायडू ने अपने करकमलों से इस कॉमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर प्रस्थान कराया। आज मैं विशेष उल्लेख करना चाहता हूं, अभिनंदन करना चाहता हूं, आभार प्रकट करना चाहता हूं कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद और उसके साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार प्रकट करता हूं। साथ ही कोस्टगार्ड का भी अभिनंदन एवं आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने हमें इसके लिए अनुमति दी है, वरना यह संभव नहीं था। आप याद रखना पांच साल के बाद दमण का नक्शा ही बदल जाएगा। 15 हजार इंस्ट्रीज के लोग चाहे दमण हो, सिलवासा हो, वापी हो, सरीगाम हो, उमरगाम हो, पालघर, वलसाड की जितनी भी इंडस्ट्रीज हैं वे लोग इसी एयरपोर्ट का ही उपयोग करेंगे, ऐसा मुझे पक्का भरोसा है। यहां से मुंबई जाने और सूरत जाने में कई घंटे लगेंगे। साधारण आदमी के लिए दो घंटे से पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होता है। अब तो कोई झंझट नहीं। दमण से टेक ऑफ करो और दो घंटे में दिल्ली पहुंच जाओ। इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है? सिर्फ दो घंटे में आप दिल्ली। इससे मेरे इंडस्ट्रीज के लोगों को भी फायदा होगा। प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि दमण के आस-पास विस्तारों के औद्योगिक क्षेत्रों में विभिन्न पदों पर काम करने वाले और उद्योगकर्मी, श्रमिकों के साथ प्रशासनिक सेवा देने वाले 6-7 लोगों में से अधिकांश लोग उत्तर भारतीय हैं। उनकी सहुलियत के लिए मैंने केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को विनती किया है कि आने वाले दिनों में यहां से मुझे एक लखनऊ और एक पटना के लिए भी फ्लाइट शुरू कर देना मैं बहुत आभारी रहूंगा। प्रशासक प्रफुल पटेल ने दमण एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में संघ प्रदेश ने आधुनिक अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। उन्होंने दमण को विश्वस्तरीय विमानन अवसंरचना प्रदान करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय राजधानी के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ होने से संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, पर्यटन एवं निवेश को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा तथा समावेशी एवं सतत सामाजिक-आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होंगे। इस ऐतिहासिक समारोह में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, एलायंस एयर के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, आमंत्रित अतिथि तथा मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बने। नमो एयरपोर्ट से निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानों का शुभारंभ दमण को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर संपर्क वाले प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह भारत सरकार की आधुनिक अवसंरचना के विकास, क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने तथा समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दूरदर्शी सोच को भी साकार करता है। उल्लेखनीय है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 5 जून 2026 को दमण प्रवास के दौरान नमोएयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। इससे पूर्व उन्होंने 25 अप्रैल 2023 को सिविल टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी थी और मात्र तीन वर्षों के भीतर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया, जो समयबद्ध अवसंरचना विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए मई 2026 में रक्षा मंत्रालय ने नमोएयरपोर्ट के रनवे विस्तार प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है। इसके बाद यहां बड़े रक्षा विमानों के साथ-साथ एयरबस ए320 श्रेणी के नागरिक विमानों का संचालन भी संभव हो सकेगा। यह रणनीतिक विस्तार क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और सुदृढ़ करेगा, राष्ट्रीय सुरक्षा तैयारियों को मजबूती देगा तथा पर्यटन, व्यापार, निवेश एवं आर्थिक विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करते हुए दमण को भारत के पश्चिमी तट पर उभरते हुए विमानन एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

