asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

दमण पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 11 जुलाई। दमण पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के एक सनसनीखेज मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर बडी सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिकायतकर्ता सुधांशु शेखर रॉय (35), निवासी ए-टू फ्लैट नं. 102, स्वास्तिक संकुल बलिठा वापी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 6 अप्रैल 2024 की रात करीब 10:45 बजे नानी दमण के दाभेल मुख्य मार्ग स्थित शीतल पेट्रोल पंप के पास मौजूद था। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उनकी आंखों में सफेद पाउडर फेंका और फिर मारपीट करते हुए उनकी छाती और पेट पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद बदमाश पीडित के बैग से 52000 रुपये नकद, एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड लूटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में कचीगाम पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 397, 34 तथा बाद में साजिश का खुलासा होने पर धारा 120-बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले विशाल गोविंद पटेल और प्रिंस कुमार केशारीलाल यादव को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की थी। पूछताछ में प्रिंस यादव ने खुलासा किया कि उसने अपने भाई आकाश केशारीलाल यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से आकाश यादव (23) लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। पुलिस अधीक्षक केतन बंसल के निर्देश तथा एसडीपीओ गुरु सेवक सिंह के पर्यवेक्षण में दाभेल थाना प्रभारी निलेश काटेकर के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जानकारी और सूचना के आधार पर टीम ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र में फरार आरोपी आकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस ने मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को मजबूत करने के लिए आगे की जांच जारी है।

Related posts

दीव जिले के भारतीय रिजर्व बटालियन शिविर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत दी गई आपदा संबंधी जानकारी

Asli Azadi

दमण नगरपालिका ने शहरी विस्तार के नागरिकों के लिए लगाया विशेष सेवा शिविर

Asli Azadi

एसआईआर के बाद दमण और दीव में मतदाता सूची का ड्राफ्ट हुआ जारी

Asli Azadi

Leave a Comment