asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

दमण लाइट हाउस बीच पर मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 21 जून। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली एवं दमण-दीव तथा लक्षद्वीप प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन के चिकित्सा विभाग द्वारा आज सुबह 5:30 बजे दमण लाइट हाउस बीच पर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रही। आज सुबह 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का जीवंत प्रसारण होने के बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन किया गया। योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास का संचालन किया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 7000 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें प्रशासन के शीर्षस्थ अधिकारियों सहित सभी कार्यालयों के प्रमुख, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षक, पुलिस, कोस्टगार्ड, आईआरबी के जवान, स्वयंसेवी संगठन तथा बडी संख्या में आम नागरिक शामिल रहे। इस वर्ष की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग के अनुरूप कार्यक्रम में स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था, तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य तथा जीवनशैली संबंधी रोगों की रोकथाम में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया। दमण लाइट हाउस बीच के विस्तृत क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। चिकित्सा विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का समापन सुबह लगभग 8:00 बजे राष्ट्रगान के साथ हुआ। चिकित्सा विभाग ने सभी नागरिकों से स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग को अपनाने का आग्रह किया।

Related posts

सिलवासा में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, शिनाख्त का प्रयास जारी

Asli Azadi

संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा सचिव जिज्ञेश पटेल ने सहपरिवार श्री सोमनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की आराधना की

Asli Azadi

दमण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन और भविष्य दृष्टि को समर्पित नमोत्सव ने लोगों को कर दिया मंत्रमुग्ध

Asli Azadi

Leave a Comment