असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 18 जून। कचीगाम ग्राम पंचायत द्वारा सरपंच फाल्गुनी पटेल के नेतृत्व में कचीगाम के मांगेलवाड़ निवासी युवा महिला क्रिकेटर इशिका किरण मांगेला को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कचीगाम ग्राम पंचायत की ओर से इशिका मांगेला को क्रिकेट किट भेंटकर उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। सिर्फ 14 वर्ष की आयु में इशिका मांगेला पिछले तीन वर्षों से विभिन्न महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर कचीगाम, दमण और पूरे संघ प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इशिका मांगेला ने 11 वर्ष की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू किया है, काफी कम समय में उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 स्टेट लेवल प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन किया है। उनकी इसी उपलब्धयों के लिए कचीगाम पंचायत द्वारा आज सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कचीगाम ग्राम पंचायत सरपंच फाल्गुनी पटेल ने कहा कि आज हमारी बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। कुमारी इशिका मांगेला ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध किया है कि यदि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा सकती हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और महिला सशक्तिकरण के संकल्प ने देशभर की बेटियों को नई पहचान और नए अवसर प्रदान किए हैं। पीएम मोदी द्वारा शुरू किए गए खेलो इंडिया अभियान से देश के लड़के और लड़कियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के प्रोत्साहन मिल रहा है। सरपंच फाल्गुनी पटेल ने कहा कि हमारे प्रदेश के माननीय प्रशासक श्री प्रफुल पटेल जी के मार्गदर्शन में खेल, शिक्षा और महिला विकास को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे हमारी बेटियाँ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। प्रशासक प्रफुल पटेल ने प्रदेश के युवा प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में निखारने के लिए स्कूलों में विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ ही खेल विभाग के सहयोग से अनेक प्रवृत्तियाँ आयोजित करने का प्रावधान किया है। प्रशासन द्वारा खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिससे प्रदेश के युवक-युवतियों को विभिन्न खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कचीगाम ग्राम पंचायत सदैव अपने गाँव की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों की कमी के कारण पीछे न छूटे। आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल के मैदान में भी वे नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। हमें विश्वास है कि इशिका मांगेला आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वत करेंगी। इस सम्मान समारोह के दौरान ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरक उपस्थत रहे और सभी ने इशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

