asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

दीव सड़क हादसा: रफ्तार का कहर, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, परिवार गंभीर रूप से घायल

– नागवा रोड पर देर रात भीषण टक्कर, मध्यप्रदेश के ग्वालियर से आए परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 18 मई। दीव के नागवा रोड पर 17 मई की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार से आ रही सूरत पासिंग की कार ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें मध्यप्रदेश के एक ही परिवार के पिता और पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्वालियर निवासी पृथ्वी हुंदराज वाधवानी अपने परिवार के साथ गुजरात में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए थे। परिवार के बड़े भाई ने नई तिलहन फैक्ट्री शुरू की थी, जिसके चलते सभी परिजन जूनागढ़ पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद दोनों भाई अपने परिवारों के साथ दीव घूमने गए और इसके बाद सोमनाथ स्थित महादेव मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम तय था। घटना वाली रात परिवार डिनर के लिए नागवा के पास होटल की ओर जा रहा था। कार में पृथ्वी वाधवानी, उनका 16 वर्षीय पुत्र अनिकेत, पत्नी नीतू बाई और भतीजा ओमेश सवार थे। तभी सामने से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिता पृथ्वी वाधवानी और पुत्र अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मां और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए ऊना प्राइवेट होस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल कार का नंबर जीजे-16-सीएच-3528 है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्वालियर के सिंधी समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। सबसे दुखद बात यह है कि अस्पताल में भर्ती मां को अभी तक पति और बेटे की मौत की पूरी जानकारी नहीं दी गई है।

Related posts

दमण डिप्टी कलेक्टर ने एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर जारी किया वीडियो संदेश, कहा: पर्याप्त मात्रा में है एलपीजी गैस का भंडार

Asli Azadi

गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल समान स्थानीय स्वराज संस्थाओं के लिए जनता का जनादेश ईवीएम में बंद

Asli Azadi

दमण-दीव सांसद उमेश पटेल ने अपने साथी सांसदों के साथ लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला से की मुलाकात

Asli Azadi

Leave a Comment