– बढ़ती महंगाई के दौर मे सामूहिक विवाह जरुरी: सिंपल काटेला
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 14 मई। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव के दामिनी वुमेंस फाउंडेशन द्वारा देवका रोड़ स्थित काटेला पार्टी प्लॉट में चतुर्थ सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। विवाह समारोह में 10 जोड़ों का विवाह रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। इस दौरान दामिनी वुमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती सिंपल चंद्रकांता काटेला ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में विवाह समारोहों में होने वाले अपव्यय को रोकने के उद्देश्य से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन आज के समय की जरूरत बन गया है। इसी अपव्यय को रोकने हेतु दामिनी वुमेंस फाउंडेशन द्वारा लगातार तीन वर्षों से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सामूहिक विवाह सम्मेलन में वलसाड़ के शिवजी महाराज तथा भागवताचार्य मनोज भाई शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। दामिनी वुमेंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सिंपल चंद्रकांत काटेला ने कहा कि गरीब जनता को होने वाले आर्थिक, मानसिक और शारीरिक कष्ट को कम करने तथा विवाह समारोहों में होने वाले अपव्यय को रोकने के उद्देश्य से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन आज के समय की जरूरत बन गया है। बढ़ती महंगाई पर मात करने के लिए सामूहिक विवाह समारोह जरूरी हो गए हैं। इससे समाज के हर वर्ग को आपस में जोड़ने में मदद मिलती है। सिंपल काटेला ने कहा कि कन्यादान संस्कार आयोजित करना सौभाग्य की बात है। सामूहिक विवाह आयोजन के दौरान फिजूलखर्ची पर रोक लगती है। साथ ही ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचता है। दमण के अग्रणियों ने सामूहिक विवाह में पहुंचकर नव युगलों को आर्शीवाद दिया। उल्लेखनीय है कि तीन बत्ती स्थित बापा जलाराम मंदिर से 10 दूल्हों की सामूहिक बारात बैडबाजों के साथ निकाली गई। देखो कैसा सजा है दूल्हा आए हैं ढेरों बाराती, आज मेरे यार की शादी है, जैसे गीतों की धुन पर थिरकते बाराती मुख्य मार्ग से होते हुए देवका रोड़ स्थित काटेला पार्टी प्लॉट विवाह स्थल पहुंचे। जहां पर वर पक्ष ने तोरण व वरमाला के रिवाज को पूरा किया। दामिनी वुमेंस फाउंडेशन द्वारा काटेला पार्टी प्लाट में हुए आयोजन का नजारा देखते हो बनता था। जिसमें कुल 10 जोड़ों ने जीवनभर के लिए एक दूजे का हाथ थाम लिया। इस दौरान लोगों ने नवदंपतियों को पुरस्कार और गृहस्थी का सामान देकर विदाई दी। इस अवसर पर पूर्व सांसद लालू पटेल, काउंसिलरों, सरपंचों, सामाजिक अग्रणियों सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

