असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन और भविष्य दृष्टि को समर्पित भव्य संगीतमय मल्टीमीडिया प्रस्तुति नमोत्सव के आयोजन ने दमण को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रशासक प्रफुल पटेल ने दमण के स्वामी विवेकानंद ग्राउंड में नमोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल ने कहा कि नमोत्सव देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जीवन, उनके संघर्ष और उनकी राष्ट्र सेवा को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। प्रशासक प्रफुल पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असाधारण व्यक्तित्व और देश के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा तथा देश को समर्पित उनके लंबे कार्यकाल सहित की जानकारी दी। प्रशासक प्रफुल पटेल ने नमोत्सव कार्यक्रम के प्रणेता श्री सांईराम दवे की भी खुलकर तारीफ की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन, नेतृत्व और दूरदर्शितापूर्ण प्रेरक यात्रा पर अविस्मरणीय कार्यक्रम नमोत्सव में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। खासकर छात्रों और युवाओं ने गर्मजोशी के साथ इस पूरे कार्यक्रम को निहारा। गौरव, संस्कृति और प्रेरणा से भरी इस भव्य संगीतमय मल्टीमीडिया प्रस्तुति में पीएम मोदी के प्रेरक व्यक्तित्व और उनके विशिष्ट नेतृत्व को नमन किया गया। नमोत्सव में कला, संगीत, प्रौद्योगिकी और कहानी के जरिए सेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण की एक असाधारण यात्रा दर्शाई गई। नमोत्सव में भव्य मंच प्रस्तुति द्वारा कलात्मक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक जीवन को गुजरात के वडनगर में उनके साधारण आरंभ से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व को दर्शाया गया। कार्यक्रम में लाइव प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य, कथावाचन और अत्याधुनिक मल्टीमीडिया दृश्यों के सहज मिश्रण द्वारा उन प्रमुख पड़ावों को उजागर किया गया, जिसने श्री मोदी की व्यक्तिगत यात्रा के साथ ही देश के विकास पथ को भी आकार दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में कलाकारों का मनमोहक लाइव प्रदर्शन रहा। सतह के ऊपर से दिखाए गए दृश्यों ने संस्कृति, संगीत और संदेश के सामंजस्यपूर्ण संगम का एक जीवंत नजारा प्रस्तुत किया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। इस मंच प्रस्तुति में गुजरात के प्रसिद्ध कलाकार सांईराम दवे और 150 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया, जिनके सशक्त प्रदर्शन ने श्री नरेंद्र मोदी के जीवन और नेतृत्व यात्रा के महत्वपूर्ण क्षणों को जीवंत बना दिया। सावधानीपूर्वक संकलित प्रस्तुतियों द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान आरंभ की गई ऐतिहासिक विकास पहल को स्मरण कराते हुए दर्शाया गया कि कैसे विकास और सुशासन का गुजरात मॉडल बाद में राष्ट्रीय प्रगति के आदर्श प्रारूप में परिवर्तित हो गया। इस कार्यक्रम में ढांचागत क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव, शासन में सुधार, सामाजिक सशक्तिकरण और समावेशी विकास में हासिल महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्रदर्शित की गई, जिसमें पारदर्शिता, उत्ज़्तरदायित्ज़्व और लोक भागीदारी के साथ विकास के दर्शन पर बल दिया गया। कार्यक्रम में इस बात को उजागर किया गया कि गुजरात में रखे गए सुशासन के आधार ने राष्ट्रीय स्तर पर नीतियों और शासन संरचनाओं को आकार देने में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नमोत्सव कार्यक्रम इस बात का एक सशक्त उदाहरण बना कि संस्कृति किस तरह मूल्यों, नेतृत्व और सामाजिक परिवर्तन को संप्रेषित करने का प्रबल माध्यम बन सकती है। पारंपरिक कलात्मक स्वरूपों के आधुनिक तकनीक के संयोजन द्वारा कार्यक्रम ने विभिन्न पीढि़यों और पृष्ठभूमियों के दर्शकों को सफलतापूर्वक आकर्षित किया। समूचे प्रदर्शन के दौरान, दर्शक समय अनुकूलता, नवाचार और जनसेवा की भावना प्रदर्शित करने वाले क्षणों को देखकर अभिभूत रहे। प्रस्तुति में विनम्रता, समर्पण और सामूहिक प्रयास के विषयों को उजागर किया गया जिससे इस विचार को बल मिला कि जन-केंद्रित शासन में परिवर्तनकारी नेतृत्व काफी गहराई से अंतर्निहित है। आयोजकों ने सुनिश्चित किया उच्च कलात्मक मानकों के साथ कार्यक्रम को आम जनता के लिए सुलभ और सार्थक बनाया जाए। शानदार नृत्य-संयोजन, भावपूर्ण संगीत, प्रभावशाली कथ्य और मनमोहक दृश्यों ने मानस को लंबे समय तक प्रभावित करने वाला सम्मोहक प्रभाव उत्पन्न कर दिया। नमोत्सव सामान्य सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक यात्रा, विकासात्मक आकांक्षाओं और सांस्कृतिक समृद्धि के उत्सव के रूप में प्रभावकारी आयोजन के रूप में सफल रहा। कार्यक्रम ने इतिहास को आकार देने में नेतृत्व की भूमिका रेखांकित की और कई पीढि़यों को प्रेरित करने वाले कथ्य प्रदर्शन शिल्प की सृजनात्मक अभिव्यक्ति की शक्ति को फिर से स्थापित किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित ड्रोन शो और आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को रोमांचक बना दिया। आसमान में ड्रोन के माध्यम से प्रदर्शित अद्भुत दृश्य और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत और नगर पालिका के प्रमुखों, उप प्रमुखों, सदस्यों,सरपंचों, राजनीतिक अग्रणियों, सामाजिक अग्रणियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, आम नागरिकों की उपस्थिति रही।

