असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 16 मार्च। दादरा नगर हवेली में पिछले कई वर्षों से लघु एवं मध्यम उद्योग की समस्याओं की आवाज बनने वाली सिलवासा इंडस्ट्रीज मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से सबसे अधिक सदस्यों वाले इस संगठन ने संगठन का अध्यक्ष का चुनाव किया और एक बार फिर से सीमा की जिम्मेदारी अतुल शाह के कंधों पर रखी गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में दादरा नगर हवेली के सबसे पुराने उद्योगपति चंद्रकांत पारेख ने सिलवासा इंडस्ट्रीज मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन की स्थापना की थी। जिसका उद्देश्य लघु एवं मध्यम औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं को प्रशासनिक पटल तक ले जाना और उन्हें निर्भीक एवं निर्विवाद रूप से प्रदेश के औद्योगिक विकास को तेजी से विकसित कर सके। इतने वर्षों के बाद भी सिलवासा इंडस्ट्रीज मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन अपने मौलिक धारणाओं के अनुरूप ही छोटे औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं का निराकरण करने और उनकी समस्याओं पर तत्काल प्रभाव से प्रशासनिक ध्यानाकर्षण करने के लिए कार्यरत है। इसी संदर्भ में इस वर्ष भी संगठन के पदाधिकारियों के कार्यकाल खत्म होने के पश्चात नये पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया अपनाई गई। जिसमें सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया और एक बार फिर से सबसे शालीन और सक्रिय उद्योगपति अतुल शाह को संगठन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं इस अवसर पर महिला उद्योगपति और स्वर्गीय चंद्रकांत पारेख की पुत्रवधू फाल्गुनी पारेख को संयुक्त सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई। जिससे संगठन के सदस्यों ने संगठन के इस कदम की सराहना की। वहीं संगठन ने अपने वार्षिक लेनदेन और कार्यों की रूपरेखा रखी औैर आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर संगठन ने यह तय किया कि 2027 में दक्षिण गुजरात का सबसे बड़ा औद्योगिक एक्सपो सिलवासा इंडस्ट्रीज मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन लगाएगा। जिससे दादरा नगर हवेली में सुस्त पड़ रही औद्योगिक रफ्तार को और तेज किया जा सके। कार्यक्रम में कई पुराने उद्योगपति जिसमें निर्मल जैन, विनीत मुंद्रा, अमित अग्रवाल, बिल्डर अजीतभाई के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि कल्पेश सोलंकी, भीलोसा इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि प्रशांत जगताप, उद्योगपति आर. के. नायर, सीमा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारी और महासचिव नरेंद्र त्रिवेदी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रवि पांडे ने किया।

