असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण, 02 जून। 5 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव की राजधानी दमण में पधार रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इस छोटे से संघ प्रदेश में 8वां दौरा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दमण में नये एयरपोर्ट, नये सरकारी अस्पताल सहित अनेक प्रोजेक्टों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही साथ नमो पथ और राम सेतु को जोडने वाले सिग्नेचर ब्रिज, कन्वेंशन सेंटर सहित अनेक प्रोजेक्टों का भूमिपूजन भी करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी के दमण आगमन को लेकर संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक अग्रणियों एवं आम जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के दमण आगमन के उपलक्ष्य में दमण में जगह-जगह सफाई अभियान चल रहा है। आज इसी क्रम में नमो पथ के पास भाजपा के प्रभारी दुष्यंत पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेश आगरिया और भाजपा महामंत्री जिग्नेश पटेल के साथ भाजपा पदाधिकारियों एवं भाजपा जनप्रतिनिधियों ने बडे पैमाने पर सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर भाजपा नेता विशाल टंडेल, दमण जिला भाजपा अध्यक्ष भरत पटेल, डीएमसी के काउंसिलरों, महिला मोर्चा के पदाधिकारियों एवं युवाओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नाइट मार्केट की हर दुकान पर पहुंचकर व्यापारियों एवं नागरिकों को प्रधानमंत्री मोदी के 5 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए आमंत्रण पत्र भी दिया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सीधे मार्गदर्शन में प्रशासक प्रफुल पटेल ने पिछले 10 सालों में पूरे संघ प्रदेश की सूरत बदल दी है। खासकर दमण की बात करें तो दमण को ऐसी-ऐसी सौगाते मिली है जो न कभी किसी ने सोची थी। 5 जून को फिर एक बार दमण को पर्यटन, कनेक्टीविटी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सौगाते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दी जाने वाली है। इसको लेकर अभी से ही पूरे दमण में उत्सव का माहौल है।

