# थार/फॉर्च्यूनर में अवैध तरीके से लगाये गये टिंडेड ग्लास, टायर मॉडिफिकेशन, डीजे और साउंड सिस्टम में बदलाव जैसे चीजों को हटाने के दिए गये निर्देश – दमण जिला प्रशासन ने वाहन मालिकों को जिम्मेदारीपूर्वक ड्राइविंग करने के लिए किया प्रेरित – #थार का मतलब जिम्मेदारी हैशटैग मुहिम का भी किया ऐलान
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 09 सितंबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासक प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में दमण प्रशासन द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में थार/फॉर्च्यूनर मालिकों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम थार/फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत दमण में पंजीकृत थार/फॉर्च्यूनर के वाहन मालिकों को अपने वाहनों के साथ कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने वाहनों में किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के अवैध और नियमों के विरुद्ध मॉडिफिकेशन को लेकर वाहन मालिकों को जागरूक किया। इसमें मुख्य रूप से विंडशील्ड और शीशों पर टिंटेड ग्लास लगाना, टायरों में अनधिकृत बदलाव करना तथा डीजे और साउंड सिस्टम में नियमों के विरुद्ध मॉडिफिकेशन जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया और उसे हटाने के निर्देश भी दिये गये। इस अवसर पर दमण जिला कलेक्टर ने थार/फॉर्च्यूनर के मालिकों को इशारों-इशारों में चेतावनी के साथ सुझाव भी दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि जब भी सड़क से थार/फॉर्च्यूनर गुजरे तो सड़क पर चलने वाले अपने आपको सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने कहा कि थार को लेकर जो बदनामी फैली है, उसे दूर करने के लिए हमें #थार का मतलब जिम्मेदारी हैशटैग मुहिम चलानी है। हमें इस हैशटैग में आनंद महिन्द्रा जी को टैग करना है, ताकि उन्हें पता चले कि हम किस प्रकार से अभियान चला रहे हैं। जिससे वे भी प्रेरित होकर इसका प्रचार-प्रसार करें। इस संबंध में दमण के उप जिला कलेक्टर प्रियांशु सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे सभी वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में किए गए नियमों के विरुद्ध बदलावों को जल्द से जल्द हटा दें और वाहनों को निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित करें। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि वाहनों के माध्यम से किसी भी प्रकार की भाईिगरी या माफियागिरी का प्रदर्शन न करें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कड़ी और उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को पहले जागरूक कर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति प्रेरित करना है। दमण प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे बड़ी गाड़ियों को पूरी जिम्मेदारी और सावधानी के साथ चलाएं। वाहन चालक स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दमण आने वाले पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें। इस दौरान वाहन मालिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। दमण एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। इस अभियान और कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने लोगों से जिम्मेदार ड्राइविंग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और अनुशासित दमण बनाने में सहयोग देने की अपील की है। इस अवसर पर दमण एसपी केतन बंसल, एसडीपीओ आदर्श पटेल, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी आशीष मोहन, आरटीओ इंस्पेक्टर अभिनव पटेल सहित थार/फॉर्च्यूनर के मालिक उपस्थित रहें।

