असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 02 सितंबर। जय कॉर्प लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट सिलवासा में तीन दिव्यांगजनों को ई-रिक्शा वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। यह कार्यक्रम दादरा नगर हवेली के कलेक्टर प्रियांक किशोर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। ई-रिक्शाओं का वितरण रेजिडेंशियल डिप्टी कलेक्टर अमित कुमार के हाथों किया गया। ई-रिक्शा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में अश्विन रमेश बोरसा (ग्राम गलोंडा), अनिल सोन्या नाडगे (ग्राम मांदोनी) तथा विनय धावजी माहला (ग्राम रुदाना) शामिल हैं। इस अवसर पर एससी/एसटी कॉर्पोरेशन मैनेजर अंबिका सिंह, डेवलपमेंट एंड प्लानिंग ऑफिसर जिला पंचायत पंकज परमार, एडवोकेट सनी भीमरा, जय कॉर्प लिमिटेड के निदेशक दिनेश पालीवाल, एजीएम-एचआर राहुल आहिरे, जय कॉर्प लिमिटेड के सीएसआर ऑफिसर नितिन पाटिल एवं निवृत्ति गांगुर्डे उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जय कॉर्प लिमिटेड इससे पूर्व भी तीन ई-रिक्शा वितरित कर चुकी है। कंपनी दादरा नगर हवेली की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक ई-रिक्शा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ विशेष आजीविका परियोजना संचालित कर रही है, जिससे अधिकाधिक दिव्यांगजन सम्मानजनक स्वरोजगार प्राप्त कर सकें।

