असली आजादी न्यूज नेटवर्क, सिलवासा 02 सितंबर। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन के राजभाषा विभाग द्वारा हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत हिन्दी वाक प्रतियोगिता का आयोजन जिला सचिवालय सिलवासा के सभागृह पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आरंभ करते हुए राजभाषा विभाग की डॉ. अनिता कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए हिन्दी पखवाडा के आयोजन के मूल उद्देश्य पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके पश्चात इस प्रतियोगिता के निर्णायकगण डॉ. प्रमिला उपाध्याय, प्राचार्या, शिव प्रकाश मेमोरियल स्कूल, पिंकी खिमनानी, पूर्व राजभाषा अधिकारी, एलआईसी तथा राकेश राय, प्रसिद्ध कवि एवं लेखक का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम के निर्णायक राकेश राय ने अपने वक्तव्य में हिन्दी के प्रति अपने विचार प्रस्तुत करते हुए अपनी कविता से सभी को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद राजभाषा सहायक निदेशक डॉ. अनिल कौशिक ने राजभाषा हिन्दी के प्रयोग के लिए सभी को प्रोत्साहित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए और सभी को शुभकामनाएं दी। इस प्रतियोगिता में स्नातक वर्ग, कर्मचारी वर्ग तथा गैर-सरकारी वर्ग के अंतर्गत दिए गए विषयों पर प्रशासन के विभिन्न विभागों, स्कूलों तथा महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इसके पश्चात डॉ. प्रमिला उपाध्याय, प्राचार्या ने अपने अभिभाषण में हिन्दी भाषा का महत्व बताते हुए सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुति की भूरी-भूरी प्रशंसा की। पिंकी खिमनानी ने अपने वक्तव्य में हिन्दी के प्रयोग और प्रसार पर बल देते हुए प्रतिभागियों की प्रस्तुति हेतु सराहना की। राकेश राय ने कार्यक्रम के आयोजन की सराहना करते हुए अपनी कविताओं की प्रस्तुति दी। इसके साथ-साथ डॉ. अनिता कुमार ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए और कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।

