– धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी, बोले: प्रधानमंत्री के विश्वास पर खरा उतरने का करूंगा पूरा प्रयास
नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने रविवार को शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। जोशी अपने वर्तमान उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के साथ-साथ अब शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। शनिवार को राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी अधिसूचना के बाद रविवार को प्रहलाद जोशी ने शिक्षा मंत्रालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वह पूरी विनम्रता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ नई जिम्मेदारी निभाएंगे तथा शिक्षा क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताओं और देश की अपेक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। प्रहलाद जोशी ने कहा कि पिछले वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन सहित शिक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा। यहां बताते चलें कि प्रहलाद जोशी कर्नाटक की धारवाड़ लोकसभा सीट से लगातार पांच बार सांसद चुने जा चुके हैं और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े रहे हैं तथा संगठन और सरकार दोनों में लंबा अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे संसदीय कार्य, कोयला एवं खान जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का नेतृत्व कर रहे हैं।

