असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण/सिलवासा 22 जुलाई। दमण जिले में पिछले 24-36 घंटों में 328.60 मिमी. बारिश दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र अहमदाबाद ने 22/07/2026 की शाम की भविष्यवाणी में अगले 24 घंटों के दौरान दादरा नगर हवेली और दमण जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है, जिससे लगातार भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) की संभावना है। आस-पास के जिलों और पड़ोसी क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप जल-जमाव, बाढ़, नदियों और नालों में जल स्तर का बढ़ना, परिवहन में बाधा और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाएं हो रही हैं, जिनका दमण जिले पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि दमण जिला प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति के लिए तैयार है, फिर भी एहतियाती उपाय के तौर पर सभी शैक्षणिक संस्थानों को 23 जुलाई 2026 को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिनमें सरकारी और निजी स्कूल और कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और आंगनवाड़ी शामिल हैं। साथ ही आम जनता भारी बारिश, जल-जमाव और बाढ़ जैसी किसी भी गंभीर घटना के बारे में अपडेट, जानकारी, शिकायतों या समस्याओं के लिए दमण जिले में इमरजेंसी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0260-2231377, 0260-2253000 और व्हाट्सएप नंबर 8347294342 पर संपर्क कर सकती है। वहीं दादरा नगर हवेली जिले में इमरजेंसी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0260-2412500 एवं मो. 8780001077 पर संपर्क कर सकते है। आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें, जल-जमाव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें, उफान पर चल रही नदियों और समुद्र तट से दूर रहें और जिला प्रशासन द्वारा जारी सलाह का सख्ती से पालन करें।

