asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव प्रशासन की ऐतिहासिक उपलब्धि

– परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2025-26 में देशभर में द्वितीय स्थान, दीव जिला बना भारत का सर्वश्रेष्ठ जिला

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 13 जुलाई। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हाल ही में जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (Performance Grading Index) 2025-26 के परिणामों में संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 723.8 अंकों के साथ पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि प्रशासक प्रफुल पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावी नीतियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में सतत सुधार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। उनके मार्गदर्शन में केंद्र शासित प्रदेश ने शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस वर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भारत के 784 जिलों में से दीव जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे देश में सर्वोच्च रैंक हासिल की है। वहीं दादरा नगर हवेली जिला 31वें तथा दमण जिला 54वें स्थान पर रहा। यह उपलब्धि प्रदेश की समग्र एवं संतुलित शैक्षिक प्रगति को दर्शाती है। वर्ष 2024-25 की तुलना में केंद्र शासित प्रदेश ने PGI स्कोर में 40.6 अंकों का उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है, जो शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के विद्यालयी शिक्षा तंत्र का मूल्यांकन 6 प्रमुख श्रेणियों शिक्षण परिणाम, प्रभावी कक्षा शिक्षण एवं अधिगम, आधारभूत संरचना, सुविधाएँ एवं विद्यार्थियों के अधिकार / पात्रताएँ, विद्यालय सुरक्षा एवं बाल संरक्षण, डिजिटल अधिगम तथा सुशासन एवं प्रशासन के आधार पर करता है। Performance Grading Index भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय द्वारा राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के स्कूली शिक्षा तंत्र के प्रदर्शन का समग्र मूल्यांकन करने हेतु विकसित एक प्रमुख सूचकांक है। इसके माध्यम से अधिगम परिणाम, विद्यालयी आधारभूत संरचना, समानता, शासन एवं प्रबंधन, शिक्षक शिक्षा तथा डिजिटल पहल सहित विभिन्न आयामों का मूल्यांकन किया जाता है। दादरा नगर हवेली तथा दमण-दीव ने पिछले नौ वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। प्रशासक के दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा विभाग के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण सुधारों के परिणामस्वरूप संघ प्रदेश ने वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संघ प्रदेश ने हाल के समय में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार दो राष्ट्रीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। पहली, PARAKH राष्ट्रीय शैक्षिक सर्वेक्षण में देशभर में पाँचवाँ स्थान तथा दूसरी, PGI 2025-26 में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान। ये उपलब्धियाँ प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में किए गए प्रभावी सुधारों एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की पुष्टि करती हैं। यह सफलता दादरा नगर हवेली और दमण-दीव एवं लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल पटेल के सशक्त नेतृत्व, दूरदर्शी सोच तथा शिक्षा क्षेत्र को उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के उनके सतत प्रयासों का परिणाम है। प्रशासन गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं भविष्य उन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और आने वाले वर्षों में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने हेतु प्रयासरत रहेगा। पिछले नौ सालों में परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) का तुलनात्मक विश्लेषण अत्यंत ही सुधारात्मक है।
वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक की यात्रा शिक्षा के क्षेत्र में सतत सुधार, प्रभावी योजना, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन तथा परिणामोन्मुख प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है। अधिगम परिणामों, शिक्षक क्षमता विकास, डिजिटल शिक्षा, आधारभूत संरचना तथा सुशासन में किए गए सुधारों के फलस्वरूप दादरा नगर हवेली और दमण-दीव आज देश के अग्रणी केन्द्र शासित प्रदेशों में शामिल हो चुका है।

Related posts

संघ प्रदेश थ्रीडी भाजपा ने बलिदान दिवस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Asli Azadi

दमण लाइट हाउस बीच पर मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Asli Azadi

दमण में आज स्व. भावनाबेन प्रफुलभाई पटेल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन

Asli Azadi

Leave a Comment