asliazadi
दमन, दानह, दीव की खबरें

दमण-दीव के विकास के लिए ऐतिहासिक निर्णय : सीजेडएमपी

2019 लागू होने पर सांसद उमेश पटेल ने जताया आभार

असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 10 जुलाई। सीजेडएमपी-2019 लागू होने पर दमण-दीव सांसद उमेश पटेल ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि दमण-दीव के नागरिकों के लिए खुशी एवं संतोष का विषय है कि लंबे समय से लंबित सीजेडएमपी-2019 अब आधिकारिक रूप से लागू हो गया है। यह निर्णय प्रदेश के विकास, नागरिकों की सुविधाओं तथा तटीय क्षेत्रों के संतुलित नियोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है। वर्षों से दमण-दीव में सीजेडएमपी-2011 लागू होने के कारण अनेक क्षेत्रों में विकास कार्य, भवन निर्माण, सार्वजनिक अवसंरचना, पर्यटन, मत्स्य व्यवसाय तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित अनेक कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही थीं। स्थानीय नागरिकों, भूमि स्वामियों, व्यापारियों, मछुआरा समुदाय तथा विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगातार इन समस्याओं को उठाया जाता रहा। उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में मैंने भी इस विषय को निरंतर संबंधित मंत्रालय, अधिकारियों तथा विभिन्न मंचों पर प्रमुखता से उठाया है। अब सीजेडएमपी-2019 लागू होने से प्रदेश के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। नए प्रावधानों में वर्ष 2011 की योजना की तुलना में अनेक व्यावहारिक एवं विकासोन्मुख रियायतें प्रदान की गई हैं, जिससे आवास, आधारभूत संरचना, सार्वजनिक सुविधाओं, पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की अपेक्षा है। इससे दमण एवं दीव के समग्र विकास के लिए नए अवसर खुलेंगे। यद्यपि यह निर्णय अत्यंत स्वागतयोग्य है, फिर भी मेरा मानना है कि कुछ ऐसे विषय अभी भी शेष हैं, जिनमें भविष्य में और सुधार की आवश्यकता है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भारत सरकार, संबंधित मंत्रालय तथा विशेषज्ञ संस्थाएँ इन शेष मुद्दों पर भी सकारात्मक विचार कर प्रदेश के हित में आवश्यक निर्णय लेंगी। मैं दमण एवं दीव की जनता की ओर से इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रदेश प्रशासन, राज्य तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण, राष्ट्रीय तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (एनसीजेडएमए), पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (टङ्म एऋउउ), ठउरउट तथा इस प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं विशेषज्ञों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आशा करता हूँ कि भविष्य में प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण दमण को सीआरजेड-2 श्रेणी में शामिल करने तथा दीव को आधिकारिक रूप से द्वीप का दर्जा प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। इन कदमों से प्रदेश में नियोजित विकास, पर्यटन, रोजगार, निवेश तथा स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार का मार्ग प्रशस्त होगा। यह उपलब्धि केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि दमण एवं दीव के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हम सभी का दायित्व है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए प्रदेश की प्रगति को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।

Related posts

प्रशासक प्रफुल पटेल ने कवरत्ती में विभिन्न विकासलक्षी कार्यों का लिया जायजा

Asli Azadi

कोडीनार कोली समाज के समूह विवाह में शामिल हुए सांसद उमेश पटेल

Asli Azadi

दीव सड़क हादसा: रफ्तार का कहर, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, परिवार गंभीर रूप से घायल

Asli Azadi

Leave a Comment