असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 09 दिसंबर। प्रशासक प्रफुल पटेल का तीन दिवसीय दमण दौरा कल समाप्त हुआ। इन दौरों में प्रशासक प्रफुल पटेल से सरकारी स्कूलों में पढने वाले छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक हाथ मिलाकर अभिवादन किया था। जगह-जगह ऐसे दृश्य देखने को मिले। सरकारी स्कूलों में पढने वाले बच्चे यह अच्छी तरह जानते हैं कि आज जिस आधुनिक सरकारी स्कूल में आधुनिक शिक्षा पद्धति और गुणवत्तायुक्त शिक्षा वे प्राप्त कर रहे हैं वह प्रशासक प्रफुल पटेल के कारण ही संभव हुई है। गौरतलब है कि 2016 तक संघ प्रदेश थ्रीडी में शिक्षा का स्तर किसी से छिपा नहीं है। खस्ताहाल सरकारी स्कूल की बिल्डिंगें, वर्षों पुराना फर्नीचर और ब्लैक बोर्ड, दयनीय स्थिति में टॉयलेट जैसे वातावरण में सरकारी स्कूल के बच्चे पढाई करते थे। आंगणवाडियों की स्थिति भी ऐसी ही थी। ज्यादातर आंगणवाडी जर्जरित हो चुकी थी। प्रशासक प्रफुल पटेल ने प्रदेश की कमान संभालने के साथ स्वास्थ्य के साथ शिक्षा को अपनी पहली प्राथमिकताओं में शामिल किया। उन्होंने सबसे पहले तो आंगणवाडी और सरकारी स्कूलों की स्थिति को तुरंत बदलने के लिए उद्योगजगत को सीएसआर के माध्यम से स्कूलों का तत्काल प्रभाव से नवीनीकरण का काम शुरु कराया। आंगणवाडियों को नंदघर में तब्दील कर पूरे देश के लिए उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। कुछ वर्ष के बाद एक-एक करके संघ प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों के लिए ज्यादा क्षमता वाले आधुनिक स्कूल भवन का निर्माण शुरू कराया। इस अभियान के तहत तीनों जिलों में सरकारी स्कूलों के आधुनिक भवन तैयार हो चुके हैं। जिसमें गरीब और जरूरतमंद के बच्चे शान से पढाई कर रहे हैं। कुछ और स्थानों पर भी नये स्कूल भवन निर्माण के टेंडर भी जारी हो चुके हैं। यह कार्य भी आने वाले दो सालों में पूरा हो जायेगा। कुल मिलाकर देखें तो प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढने वाले हजारों बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए प्रशासक प्रफुल पटेल लगातार नौ साल से ज्यादा समय तक ग्राउंड जीरो पर अथक परिश्रम कर रहे हैं। यह सिलसिला आज भी जारी है।

