असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 23 नवंबर। दमण की नन्ही तैराक देवांशी बिष्ट ने मात्र 5 साल की उम्र में वो कर दिखाया, जो बड़े-बड़े तैराकों के लिए भी मुश्किल है। देवांशी बिष्ट ने 22 नवंबर 2026 को एक ही सांस में पानी के अंदर तैरते हुए 86.9 फिट की दूरी तय कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवा लिया। उन्होंने यह अद्भुत कारनामा मात्र 39.43 सेकेंड में पूरा किया। 26 नवंबर 2020 को जन्मी देवांशी बिष्ट ने जब यह रिकॉर्ड बनाया, तब उनकी उम्र मात्र 5 साल, 11 महीने और 27 दिन थी। यह रिकॉर्ड दमण क्लब नानी दमण में बनाया गया। देवांशी की इस उपलब्धि ने उनकी असाधारण तैराकी क्षमता, सांस पर नियंत्रण, एकाग्रता और शारीरिक सहनशक्ति को दर्शाया है। इतनी छोटी आयु में जल के भीतर इतनी लंबी दूरी तय करना सामान्य नहीं है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, धैर्य, अनुशासन और माता-पिता तथा प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। देवांशी ने यह सिद्ध कर दिया कि आयु प्रतिभा के मार्ग में बाधा नहीं बनती। इतनी छोटी उम्र में इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाना पूरे दमण और दीव के लिए गर्व की बात है। देवांशी का सम्मान समारोह भी 22 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे से दमण क्लब में आयोजित किया गया। जहां पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की पुष्टि की गई। इस मौके पर परिजनों, प्रशिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

