- प्रशासक प्रफुल पटेल ने दीव दौरे के तीसरे दिन पानी कोठा सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण : दीव दौरे के दूसरे दिन प्रशासक प्रफुल पटेल ने ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्यीकरण का किया था निरीक्षण
- पिछले एक दशक में दीव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कनेक्टिविटी सहित अनेक प्रोजेक्टों ने जिले का भाग्य बदला है
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दीव 20 नवंबर। प्रशासक प्रफुल पटेल ने दीव में आधुनिक विकास परियोजनाओं के साथ-साथ दीव की ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्यीकरण का भी बीडा उठाया था। आज दीव स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भले आधुनिक सुविधाओं के साथ आगे बढ रहा है लेकिन दीव फोर्ट, पानी कोठा सहित ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्टों ने दीव की खूबसूरती को चार चांद लगा दिये है। आज दीव दौरे के तीसरे दिन प्रशासक प्रफुल पटेल ने विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान प्रशासक प्रफुल पटेल ने दीव के पानी कोठा का बारीकी से विस्तृत निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में निधारित मानकों एवं गुणवत्ता बनाये रखने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश और अपेक्षित सुझाव दिये। साथ ही उन्होंने विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। गौरतलब है कि दीव दौरे के दूसरे दिन भी प्रशासक प्रफुल पटेल ने ऐतिहासिक धरोहरों के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्टों का बारीकी से निरीक्षण किया था।

