असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 02 सितंबर। नानी दमण से मोटी दमण को जोड़ने वाले राजीव गांधी सेतु से एक मां और उसके बेटे द्वारा दमणगंगा नदी में छलांग लगाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान मौके पर मौजूद मिटना समाज के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में फंसे मां-बेटे को बचाने के लिए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहस के कारण दोनों को समय रहते नदी से बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बेटे ने पुल से नदी में छलांग लगा दी, जिसके बाद उसकी मां भी नदी में कूद पड़ी। मां-बेटे द्वारा नदी में छलांग लगाने के कारणों की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने मां-बेटे की जान बचाकर मानवता और साहस की मिसाल पेश की। घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलसि ने मामले की जांच जारी रखी है।

