– केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से संघ प्रदेश थ्रीडी प्रशासक प्रफुल पटेल ने की शुभेच्छा मुलाकात
– नागरिक उड्डयन क्षेत्र को मजबूत करने, हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार करने, आधुनिक उड्डयन बुनियादी ढांचे के विकास और जन-सुविधाओं में और सुधार लाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई – पर्यटन और व्यापार को मिलेगा नया प्रोत्साहन
असली आजादी न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली 21 जुलाई। संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमण-दीव में नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इसी क्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से संघ प्रदेशों के प्रशासक प्रफुल पटेल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने, आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। इसके साथ ही संघ प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के समग्र विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार, एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक विमानन सुविधाएं विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर यह भी विचार-विमर्श किया गया कि बेहतर हवाई संपर्क के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई दिशा दी जा सकती है। साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर भी बल दिया गया। बैठक के दौरान यह विश्वास व्यक्त किया गया कि केंद्र और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से केंद्रशासित प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। बेहतर एयर कनेक्टिविटी के माध्यम से विकास, पर्यटन और व्यापार को नई गति देने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में दिल्ली-दमण-दिल्ली हवाई सेवा का दमण के नमो एयरपोर्ट से शुभारंभ हुआ है। जल्द ही दमण से अहमदाबाद हवाई सेवा का भी शुभारंभ होगा। संघ प्रदेशों के प्रशासक प्रफुल पटेल द्वारा नई दिल्ली में आज केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से की गई मुलाकात और हवाई सेवा के विस्तार पर चर्चा से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही कई अन्य शहरों के लिए दमण नमो एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरु हो सकती है।

