असली आजादी न्यूज नेटवर्क, दमण 30 जून। मानव तस्करी विरोधी इकाई दमण ने एक सराहनीय कार्य करते हुए पिछले दो साल से लापता एक 14 वर्षीय नाबालिग बालक को सकुशल खोजकर उसके परिवार से मिलाया है। दमण पुलिस द्वारा जारी प्रेसनोट में बताया गया है कि 23/04/2024 को नानी दमण पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 14 वर्षीय पुत्र घर से लापता है। शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता कार्य पर चली गई थीं तथा उनका बड़ा पुत्र भी नौकरी पर गया हुआ था। शाम को घर लौटने पर बालक घर पर नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन घर पर ही मिला। परिजनों एवं रिश्तेदारों के यहाँ काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इस संबंध में एफआई नं. 25/2024 धारा 363 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत नानी दमण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण दर्ज होने के उपरांत नानी दमण पुलिस द्वारा लापता बालक की तलाश हेतु विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई। परिजनों, रिश्तेदारों एवं अन्य संभावित स्रोतों से पूछताछ की गई तथा उपलब्ध तकनीकी एवं स्थानीय स्तर पर हर संभव प्रयास किए गए। इसके बावजूद बालक के संबंध में कोई ठोस सुराग प्राप्त नहीं हो सका। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मानव तस्करी विरोधी इकाई दमण को स्थानांतरित की गई। मामले की जांच के दौरान मानव तस्करी विरोधी इकाई ने तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचनाओं तथा विभिन्न राज्यों की पुलिस के सहयोग से लापता बालक तक पहुँचने में सफलता प्राप्त की। वह गुजरात के राजकोट में एक निजी कंपनी में कार्यरत मिला। मानव तस्करी विरोधी इकाई की टीम ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत जिला बाल संरक्षण इकाई दमण की उपस्थिति में बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
दमण पुलिस की नागरिकों से अपील
दमण पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कोई बच्चा अथवा व्यक्ति लापता हो जाए तो बिना विलंब निकटतम पुलिस स्टेशन में सूचना दें। समय पर प्राप्त सूचना एवं तकनीकी जांच के माध्यम से ऐसे मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण संभव हो पाता है।

